भारत-ब्रिटेन एफटीए को कंगना रनौत ने बताया देश की बड़ी जीत, ड्रग्स पर जताई चिंता

Kangana Ranaut: कंगना रनौत ने हाल ही में भारत और ब्रिटेन के बीच हुए एफटीए पर खुलकर बात की और उसे देश का ऐतिहासिक क्षण बताया। साथ ही हिमाचल प्रदेश में बढ़ते ड्रग्स पर चिंता जताई।
भारत-ब्रिटेन एफटीए को कंगना रनौत ने बताया देश की बड़ी जीत, ड्रग्स पर जताई चिंता
कंगना रनौत (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

MP Kangana Ranaut: भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत अक्सर किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में छाई रहती हैं। इसी बीच उन्होंने हाल ही में भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को देश के लिए एक बड़ी सफलता बताया है।

साथ ही इस समझौते की सराहना करते हुए कहा कि यह 'नो टैरिफ, नो टैक्स' समझौता 99% वस्तुओं पर लागू होगा, जिससे भारत का व्यापार और कारोबार नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

कंगना रनौत ने पीएम मोदी का जताया आभार

दरअसल, कंगना रनौत ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया और कहा कि यह एक ऐतिहासिक क्षण है जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा, "मैं प्रधानमंत्री जी को बधाई देती हूं। यह सब उनकी दूरदर्शिता और मेहनत का नतीजा है। विपक्ष ने उनकी ब्रिटेन यात्रा पर सवाल उठाए थे, लेकिन पीएम हमेशा कहते हैं कि वह हर वक्त देश की सेवा में लगे रहते हैं।" कंगना का मानना है कि यह समझौता भारत के आर्थिक भविष्य के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। इसके तहत 99% भारतीय निर्यातों पर टैक्स खत्म हो जाएगा, जिससे द्विपक्षीय व्यापार 2030 तक दोगुना हो सकता है।

हिमाचल प्रदेश में बढ़ते ड्रग्स के खतरे पर जताई चिंता

इसके साथ ही कंगना ने अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में बढ़ते ड्रग्स के खतरे को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो हिमाचल भी पंजाब जैसी हालत में पहुंच सकता है, जहां नशे की वजह से कई गांवों में केवल महिलाएं और विधवाएं रह गई हैं।

उन्होंने बताया कि हिमाचल के भोले-भाले युवा पंजाब के रास्ते पाकिस्तान से आने वाले नशे का शिकार हो रहे हैं। नशे के आदी बच्चे गहने और गाड़ियां बेच रहे हैं, चोरी कर रहे हैं, और खुद को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वे कमरे में खुद को बंद कर लेते हैं, रोते हैं, चीखते हैं और फर्नीचर तोड़ते हैं। कंगना ने इसे मौत से भी बदतर स्थिति बताया।

उन्होंने हिमाचल के गवर्नर शिव प्रताप शुक्ला के उस बयान का समर्थन किया जिसमें उन्होंने हिमाचल की हालत को 'उड़ता पंजाब' से जोड़ा था। वहीं, विपक्ष पर हमला बोलते हुए कंगना ने कहा कि कांग्रेस के शासन में आपातकाल जैसे काले दिन देखे गए, लेकिन भाजपा हमेशा सभी प्रधानमंत्रियों की उपलब्धियों का सम्मान करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि पीएम मोदी आगे भी देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते रहेंगे।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com