Honey Singh: 'जुबान पर रखूंगा नियंत्रण', अश्लील बयान पर हनी सिंह को हुआ अफसोस, मांगी माफी

Honey Singh Apology: यो यो हनी सिंह ने वायरल विवादित वीडियो पर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था और वे आगे से शब्दों का ध्यान रखेंगे।
Honey Singh Apology On Controversial Video
Honey Singh Apology On Controversial Video (फोटो क्रेडिट-इंस्टाग्राम)
Published on: 
Updated on: 

Honey Singh Controversial Video: अपने गानों और बयानों को लेकर अक्सर विवादों में रहने वाले मशहूर रैपर यो-यो हनी सिंह ने आखिरकार अपनी गलती स्वीकार कर ली है। दिल्ली के एक कॉन्सर्ट में दी गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद मचे बवाल को देखते हुए, हनी सिंह ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो और पोस्ट साझा कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। सिंगर ने स्वीकार किया कि उनके शब्दों का चुनाव गलत था और उन्होंने भविष्य में अपनी वाणी पर संयम रखने का वादा भी किया।

पिछले कुछ दिनों से हनी सिंह का एक वीडियो ऑनलाइन सर्कुलेट हो रहा था, जिसमें वे युवा पीढ़ी को संबोधित करते हुए बेहद अश्लील भाषा का इस्तेमाल करते नजर आए थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हुई और कई धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।

"मैसेज सही था, लेकिन तरीका गलत": हनी सिंह की सफाई

हनी सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में इस विवादित बयान के पीछे की मंशा स्पष्ट करने की कोशिश की। उन्होंने लिखा, "इस घटना से कुछ दिन पहले मेरी मुलाकात कुछ नामी गायनेकोलॉजिस्ट से हुई थी। उन्होंने बताया था कि किस तरह युवा पीढ़ी असुरक्षित शारीरिक संबंध बना रही है, जिससे गंभीर बीमारियां फैल रही हैं। यह बात मेरे जहन में घर कर गई थी। जब मैं 'ननकू और करुण' के शो में गया, तो वहां बड़ी संख्या में जेन जी (Gen Z) दर्शक मौजूद थे। मुझे लगा कि उन्हें उन्हीं की भाषा में संदेश देना चाहिए।"

"ओटीटी भाषा" का इस्तेमाल पड़ा भारी

हनी सिंह ने आगे अपनी गलती मानते हुए कहा कि उन्होंने संदेश देने के लिए वैसी ही भाषा चुनी जैसी आजकल ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर इस्तेमाल की जाती है। रैपर ने स्वीकार किया, "मुझे बहुत अफसोस है कि जिस तरह से मैंने यह मैसेज दिया, वह पूरी तरह गलत था। मेरा इरादा किसी का अपमान करना या ठेस पहुंचाना नहीं था। मैं उन सभी लोगों से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं जिन्हें मेरी बातों से दुख पहुंचा है। मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि आगे से अपने शब्दों को बेहद सावधानी और जिम्मेदारी से कहूंगा।"

करियर की दूसरी पारी और विवादों का साया

हनी सिंह के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें बुरी तरह ट्रोल किया गया था। अयोध्या के संतों से लेकर भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य तक ने उनके बयान की निंदा की थी। फैंस का मानना था कि मानसिक स्वास्थ्य की लड़ाई जीतकर वापसी करने के बाद हनी सिंह अधिक परिपक्व होंगे, लेकिन इस घटना ने उनके करियर की नई पारी पर फिर से विवादों का साया डाल दिया। हालांकि, सिंगर द्वारा तुरंत माफी मांग लेने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि यह विवाद अब थम जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com