

Ye Prem Mol Liya Movie Jai Ambe Bol Song Out: फैमिली एंटरटेनमेंट और रिश्तों की खूबसूरत कहानियों के लिए फेमस राजश्री प्रोडक्शंस एक बार फिर दर्शकों के लिए एक खास तोहफा लेकर आया है। उनकी आने वाली फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का नया गाना 'जय अम्बे बोल' रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है।
इस गाने को विशेष रूप से नवरात्रि के माहौल को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। जहां फिल्म के टाइटल ट्रैक ने दर्शकों को एक भावुक और पारिवारिक माहौल से जोड़ा था, वहीं इस नए ट्रैक ने पूरे माहौल को ऊर्जा और उमंग से भर दिया है। गरबा की पारंपरिक धुनों और आधुनिक बीट्स का यह मिश्रण संगीत प्रेमियों को खूब पसंद आ रहा है
यह जोशीला गरबा गाना एक्टर आयुष्मान खुराना और एक्ट्रेस शरवरी पर फिल्माया गया है। पर्दे पर दोनों कलाकारों के बीच की बेहतरीन केमिस्ट्री और उनका तालमेल देखते ही बनता है। रंग-बिरंगे पारंपरिक पहनावे, भव्य सेट और शानदार कोरियोग्राफी के साथ तैयार किया गया यह वीडियो दर्शकों को फौरन गरबा फ्लोर की तरफ खींचता है। फेस्टिव सीजन की शुरुआत से ठीक पहले आया यह गाना इस साल डांडिया रास की रातों में लोगों का पसंदीदा ट्रैक बनने की पूरी काबिलियत रखता है।
अपने दशकों लंबे और सफल करियर में अनगिनत हिट देने वाले म्यूजिक डायरेक्टर हिमेश रेशमिया ने पहली बार कोई पारंपरिक गरबा सॉन्ग कंपोज किया है। उनके इस नए प्रयोग को गायिका श्रेया घोषाल की जादुई आवाज ने और भी खास बना दिया है। मयूर पुरी के लिखे बोल और श्रेया का गायन गाने में एक अनोखा जोश भर देता है।
सूरज आर. बड़जात्या के डायरेक्शन में बन रही इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ अहम किरदार में नजर आने वाले हैं। 'जय अम्बे बोल' गाने ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर बनाई जा रही इस फिल्म में रिश्तों, भावनाओं और भारतीय संस्कृति का असर देखने को मिलेगा।