Photo - Google
मुंबई : बॉलीवुड (Bollywood) से लेकर साउथ फिल्मों (South Films) तक अपनी एक्टिंग का धाक जमाने वाली दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी (Sridevi) का आज 60वां जन्मदिन है। ‘हवा हवाई’ के नाम से मशहूर एक्ट्रेस आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन आज भी उनके फैंस उन्हें दिल से याद करते हैं। वहीं गूगल ने भी श्रीदेवी की याद में एक खास डूडल बनाकर उनका बर्थडे सेलिब्रेट किया है। गूगल ने मुंबई स्थित गेस्ट कलाकार भूमिका मुखर्जी द्वारा चित्रित श्रीदेवी की कलरफुल तस्वीर को शेयर किया है।
श्रीदेवी ने महज चार साल की उम्र में तमिल फिल्म ‘कंधन करुणई’ से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्मी दुनिया में कदम रखा था। एक्ट्रेस ने साल 1978 में रिलीज हुई फिल्म ‘सोलहवां सावन’ से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था। एक्ट्रेस हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में काम किया था। उन्होंने इंडस्ट्री को एक से बढ़कर एक फिल्में दी। एक्ट्रेस ने करीब 300 फिल्मों में अपनी भूमिका निभाई थीं। जिसमें ‘मिस्टर इंडिया’, ‘खुदा गवाह’, ‘लाडला’ और ‘इंग्लिश विंग्लिश’ जैसी कई फिल्में शामिल हैं।
यहां तक कि हॉलीवुड फिल्मों के डायरेक्टर स्टीवन स्पीलबर्ग ने श्रीदेवी को अपनी फिल्म ‘जुरासिक पार्क’ में एक रोल का ऑफर किया था, लेकिन एक्ट्रेस ने मना कर दिया था। श्रीदेवी को भारत सरकार द्वारा पद्मश्री पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। 24 फरवरी, 2018 को श्रीदेवी का निधन हो गया था। एक्ट्रेस एक फंक्शन के लिए दुबई गई थीं। जहां के एक होटल में बाथटब में उनकी बॉडी मिली थी। श्रीदेवी के असामयिक निधन से इंडस्ट्री समेत उनके फैंस को बड़ा झटका लगा। बता दें कि श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त, 1963 को तमिलनाडु के शिवकासी में हुआ था। श्रीदेवी का पूरा नाम श्री अम्मा यंगर अय्यप्पन था।