

Ajay Devgn Film Golmaal 5 Update: बॉलीवुड की सबसे पॉपुलर कॉमेडी फ्रेंचाइजी में शामिल 'गोलमाल' के पांचवें पार्ट का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनने वाली 'गोलमाल 5' को लेकर अब एक बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता शरमन जोशी ने इसकी शूटिंग को लेकर जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक फिल्म की प्रिंसिपल फोटोग्राफी पूरी हो चुकी है और अब यह पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में पहुंच गई है।
शरमन जोशी ने 'गोलमाल 5' में एक बार फिर अजय देवगन के साथ काम करने को लेकर खुशी जाहिर की है। अभिनेता ने बताया कि टीम ने फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली है और अब पर्दे के पीछे फिल्म को रिलीज के लिए तैयार करने का काम चल रहा है। उन्होंने अजय देवगन के साथ दोबारा काम करने के अनुभव को बेहद खास बताया। शरमन जोशी के अनुसार, फिल्म को लेकर टीम ने काफी मेहनत की है और बहुत जल्द इसे दर्शकों के सामने लाने की तैयारी है।
'गोलमाल 5' की शूटिंग मार्च 2026 में शुरू हुई थी। शूटिंग शुरू होने के मौके पर निर्देशक रोहित शेट्टी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक नोट भी शेयर किया था। फिल्म को लेकर शुरुआत से ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी दमदार है। इसमें अजय देवगन के साथ अक्षय कुमार, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, कुणाल खेमू और शरमन जोशी जैसे कलाकार नजर आएंगे।
शरमन जोशी ने साल 2006 में रिलीज हुई 'गोलमाल: फन अनलिमिटेड' में लक्ष्मण का किरदार निभाया था। अजय देवगन, अरशद वारसी और तुषार कपूर के साथ उनकी कॉमेडी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। हालांकि, बाद में फीस को लेकर हुए विवाद के चलते वह फ्रेंचाइजी के अगले हिस्सों से बाहर हो गए थे। शरमन ने बाद में कई इंटरव्यू में माना था कि ज्यादा फीस की मांग करना गलत फैसला था। अब रोहित शेट्टी और शरमन जोशी के बीच पुराने मतभेद खत्म हो चुके हैं और अभिनेता 'गोलमाल 5' के साथ फ्रेंचाइजी में वापसी कर रहे हैं।