

Ajay Devgn Drishyam 3 Trailer Update: अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 3' को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ती जा रही है। सालगांवकर परिवार की कहानी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने वाली है। फिल्म को लेकर मेकर्स पहले ही संकेत दे चुके हैं कि इस बार कहानी में पहले से कहीं ज्यादा बड़ा खतरा देखने को मिलेगा। अब दर्शकों का ट्रेलर को लेकर इंतजार भी खत्म होने वाला है। फिल्म के ट्रेलर की रिलीज डेट आधिकारिक तौर पर सामने आ गई है।
स्टूडियो 18 ने सोशल मीडिया पर दृश्यम 3 का नया पोस्टर शेयर करते हुए ट्रेलर रिलीज की तारीख का ऐलान किया है। फिल्म का ट्रेलर 9 सितंबर 2026 को रिलीज किया जाएगा। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया है कि इस बार खतरा और भी बड़ा है और सालगांवकर परिवार एक बार फिर घेरे में है। ट्रेलर के ऐलान के बाद से ही फैंस फिल्म की कहानी और विजय सालगांवकर के सामने आने वाली नई मुश्किलों को लेकर कयास लगा रहे हैं।
2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
दृश्यम 3 2 अक्टूबर 2026, यानी गांधी जयंती के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का पूरा नाम दृश्यम: द कन्क्लूजन बताया गया है। इसमें अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ श्रिया सरन, तबू और इशिता दत्ता भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी।
फिल्म की रिलीज से पहले इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दृश्यम 3 अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन सकती है। उनके करियर की मौजूदा सबसे बड़ी ओपनर सिंघम अगेन है, जिसने भारत में करीब 43.7 करोड़ रुपये नेट कमाए थे।
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि दृश्यम जैसी सफल फ्रेंचाइजी का फायदा फिल्म को मिल सकता है। इसके अलावा गांधी जयंती की छुट्टी भी बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों की संख्या बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती है। अजय देवगन को हाल ही में धमाल 4 में देखा गया था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया और अब दृश्यम 3 से भी अभिनेता को बड़ी सफलता की उम्मीद है।