अर्जुन रामपाल (फोटो- सोशल मीडिया)
Ranveer Singh Dhurandhar 2: बॉलीवुड में इन दिनों फिल्म धुरंधर 2 को लेकर जबरदस्त चर्चा है। 19 मार्च को रिलीज होने जा रही इस फिल्म में एक बार फिर दमदार एक्शन और खतरनाक विलेन देखने को मिलेंगे। फिल्म में जहां रणवीर सिंह हमजा अली के किरदार में नजर आएंगे, वहीं असली खतरा बनकर सामने आएंगे अर्जुन रामपाल, जो मेजर इकबाल की भूमिका निभा रहे हैं। पहले पार्ट में अक्षय खन्ना के रहमान डकैत ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी थी, ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि क्या अर्जुन रामपाल उसी स्तर का प्रभाव छोड़ पाएंगे।
फिल्म के पहले भाग में अक्षय खन्ना का रहमान डकैत का किरदार काफी चर्चित रहा था। इस किरदार में उन्होंने एक ऐसे गैंगस्टर की भूमिका निभाई थी जो निडर होने के साथ-साथ बेहद चालाक भी था। रहमान डकैत सिर्फ एक खलनायक नहीं था, बल्कि उसके अंदर एक पिता और पति का भावनात्मक पक्ष भी दिखाया गया था। यही वजह थी कि यह किरदार दर्शकों के दिलों में बस गया और इसे बॉलीवुड के यादगार विलेन में गिना जाने लगा।
अब धुरंधर 2 में कहानी एक नए और ज्यादा खतरनाक विलेन की ओर बढ़ती है। अर्जुन रामपाल का मेजर इकबाल ऐसा किरदार है जो सिस्टम के भीतर रहकर साजिशें रचता है। वह न सिर्फ हमजा अली को अपने मकसद के लिए इस्तेमाल करना चाहता है, बल्कि उसका लक्ष्य देश को नुकसान पहुंचाना भी है। यह किरदार बेहद शांत लेकिन अंदर से बेहद खतरनाक बताया जा रहा है, जिसकी क्रूरता उसके चेहरे पर कभी नजर नहीं आती।
अर्जुन रामपाल लंबे समय से फिल्मों में ग्रे शेड किरदार निभाते रहे हैं। उन्होंने डॉन, कहानी 2, नेल पॉलिश और आंखें जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाईं, लेकिन उन्हें वह बड़ी सफलता नहीं मिल पाई जिसकी उम्मीद की जाती रही है। ऐसे में ‘धुरंधर 2’ उनके करियर के लिए एक अहम मौका बन सकती है।
फिल्म रिलीज से पहले ही मेजर इकबाल के किरदार को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। जहां रहमान डकैत ने पहले ही दर्शकों के दिलों में जगह बना ली है, वहीं अब देखना दिलचस्प होगा कि अर्जुन रामपाल अपने खौफनाक अंदाज से दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाते हैं। अब सबकी नजरें 19 मार्च पर टिकी हैं, जब यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी और पता चलेगा कि क्या मेजर इकबाल भी रहमान डकैत की तरह दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बना पाएंगे या नहीं।