

Dhirendra Shastri Reaction Kangana Ranaut Comment: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने Gen-Z को लेकर अपनी राय जाहिर की है। उन्होंने आज की युवा पीढ़ी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय के युवाओं की सोच, काम करने का तरीका और अपने अधिकारों को लेकर जागरूकता पहले से काफी अलग है।
कंगना रनौत के Gen-Z को ‘जनरेशन गटर’ बयान पर सीधे टिप्पणी करने से बचते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि सभी युवा एक जैसे नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की अपनी अलग सोच और व्यवहार होता है। कुछ युवाओं से अगर कोई गलती हुई है तो उन्हें चिह्नित किया जाना चाहिए, लेकिन उसके आधार पर पूरी युवा पीढ़ी को एक नजर से देखना सही नहीं है।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि सब उंगलियां एक जैसी नहीं हो सकती हैं। सब ऐसे नहीं होते। धीरेंद्र शास्त्री ने आगे कहा कि अगर देश का युवा अपनी शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात नहीं करेगा तो आखिर कौन करेगा। उनके मुताबिक युवाओं के कंधों पर देश की बड़ी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने Gen-Z की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं की गति तेज है और उनकी बुद्धि भी तेज है। उनके काम करने का तरीका अलग है और अपने अधिकारों को लेकर उनमें जोश और जुनून भी देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और देश का भविष्य भी युवाओं के हाथों में है। धीरेंद्र शास्त्री ने आजादी की लड़ाई से लेकर देश की सुरक्षा तक में युवाओं के योगदान का जिक्र किया।
दरअसल, NEET पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान साइट पर फैली गंदगी और कचरे को लेकर कंगना रनौत ने प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधा था। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कुछ महिलाओं को लेकर भी टिप्पणी की थी और Gen-Z के एक वर्ग को ‘जनरेशन गटर’ कहा था। कंगना रनौत के इस बयान पर सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी।