टूट गया था अभिनेता बनने का सपना, फिर उसी नाकामी ने बदल दी जिंदगी, जानें कैसे डेविड धवन बने कॉमेडी के बादशाह

David Dhawan Career: डेविड धवन कभी अभिनेता बनने का सपना लेकर FTII पहुंचे थे, लेकिन एक्टिंग छोड़कर एडिटिंग को करियर बनाया। बाद में निर्देशन में कदम रखा और आंखें, कुली नंबर 1 जैसी हिट फिल्में दीं।
David Dhawan Birthday Special Story
डेविड धवन(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

David Dhawan Birthday Special Story: डेविड धवन अभिनेता बनने का सपना लेकर फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया पहुंचे थे, लेकिन उन्हें जल्द ही एहसास हो गया कि एक्टिंग शायद उनके लिए नहीं है। उन्होंने कैमरे के सामने आने के बजाय एडिटिंग को चुना और आगे चलकर हिंदी सिनेमा के सबसे सफल कॉमेडी निर्देशकों में अपनी जगह बनाई।

डेविड धवन का जन्म 16 अगस्त 1951 को अगरतला में हुआ और उनकी परवरिश कानपुर में हुई। उनका परिवार भी फिल्मी दुनिया से जुड़ा रहा है। अभिनेता अनिल धवन उनके भाई हैं। एफटीआईआई में पढ़ाई के दौरान उन्होंने सतीश शाह और सुरेश ओबेरॉय जैसे कलाकारों को देखा और महसूस किया कि अभिनय उनके लिए सही क्षेत्र नहीं है। इसके बाद उन्होंने एडिटिंग में करियर बनाने का फैसला किया।

डेविड धवन और गोविंदा की जोड़ी

1978 की फिल्म 'लाडली' से उन्होंने एडिटर के तौर पर शुरुआत की। बाद में 'सारांश', 'सवेरे वाली गाड़ी' और 'इंसाफ' जैसी फिल्मों में भी उन्होंने एडिटिंग की। 1989 में 'ताकतवर' से बतौर निर्देशक उनकी शुरुआत हुई। इसी फिल्म में गोविंदा भी थे और यहीं से दोनों की चर्चित जोड़ी की शुरुआत हुई। 90 के दशक में डेविड धवन और गोविंदा की जोड़ी ने बॉलीवुड कॉमेडी को नई पहचान दी।

गोविंदा के साथ लगातार दीं हिट फिल्में

डेविड धवन और गोविंदा की स्वर्ग, शोला और शबनम, आंखें, राजा बाबू, कुली नंबर 1 और साजन चले ससुराल जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। डेविड धवन की फिल्म आंखें 1993 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही। इसके बाद डेविड ने सलमान खान के साथ जुड़वा और बीवी नंबर 1 जैसी सफल फिल्में दीं। 2004 में मुझसे शादी करोगी ने एक बार फिर उनकी कॉमेडी और एंटरटेनमेंट की पकड़ साबित की।

David Dhawan Birthday Special Story
हर 6 महीने में क्यों नंबर बदलते हैं पवन सिंह, भोजपुरी बवाल में बताई ऐसी वजह, सुनकर भारती सिंह भी हंस पड़ीं

बेटों के साथ भी बनाया खास रिश्ता

डेविड धवन ने अपने बेटे वरुण धवन के साथ 2014 में 'मैं तेरा हीरो' बनाई। इसके बाद उन्होंने 'जुड़वा 2' का निर्देशन किया, जिसमें वरुण ने सलमान खान की पुरानी भूमिका को अपने अंदाज में निभाया। डेविड की पत्नी करुणा से उनके दो बेटे हैं वरुण धवन और रोहित धवन। जहां वरुण अभिनेता हैं, वहीं रोहित निर्देशक हैं। इस तरह धवन परिवार की फिल्मी विरासत आज भी आगे बढ़ रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com