

Daler Mehndi Birthday Story: प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी का जन्म 18 अगस्त 1967 को पटना, बिहार में एक संगीतज्ञ परिवार में हुआ था। दलेर मेहंदी आज अपना 59वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका मूल नाम दलेर सिंह है। उनके पिता अजमेर सिंह चंदन शास्त्रीय गायक थे, जबकि मां बलबीर कौर राज्य स्तर की पहलवान थीं। परिवार में संगीत का माहौल होने की वजह से दलेर को बचपन से ही गायकी का शौक था। उन्होंने छोटी उम्र में ही शास्त्रीय संगीत और गुरबानी का अभ्यास शुरू कर दिया था।
दलेर कुल पांच भाई-बहनों में से एक हैं और उनके छोटे भाई मीका सिंह भी मशहूर गायक हैं। दलेर मेहंदी के नाम के पीछे भी एक दिलचस्प कहानी है। बताया जाता है कि उनके माता-पिता ने एक फिल्म के डकैत किरदार ‘डाकू दलेर सिंह’ से प्रभावित होकर उनका नाम दलेर रखा था। बाद में संगीत की दुनिया में कदम रखने के बाद वह मशहूर संगीतकार और गायक परवेज मेहंदी से प्रभावित हुए और अपने नाम के साथ ‘मेहंदी’ जोड़ लिया।
दलेर मेहंदी लंबे समय से संगीत से जुड़े थे, लेकिन उनके करियर का असली टर्निंग पॉइंट साल 1995 में आया। उनका पहला पॉप एल्बम ‘बोलो ता रा रा’ रिलीज हुआ और देखते ही देखते यह जबरदस्त हिट बन गया। इस एल्बम ने दलेर को देशभर में पहचान दिलाई और उनके भांगड़ा-पॉप अंदाज को लोगों ने खूब पसंद किया। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड और पंजाबी संगीत में कई लोकप्रिय गाने दिए।
तुनक तुनक तुन, हो जाएगी बल्ले बल्ले, ढोल बाजे, रंग दे बसंती, जीयो रे बाहुबली, कुड़ियां शहर दियां और जोर का झटका जैसे गानों ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाया। उनकी ऊर्जावान आवाज और खास स्टेज परफॉर्मेंस ने भांगड़ा संगीत को दुनियाभर के श्रोताओं तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। आज भी उनके गाने पार्टियों और शादियों में खूब बजते हैं और उनकी आवाज सुनते ही लोग थिरकने लगते हैं।
दलेर मेहंदी की निजी जिंदगी की बात करें तो उनकी पत्नी का नाम तरणप्रीत कौर है। दोनों के चार बच्चे हैं। उनकी बेटी अजीत कौर मेहंदी की शादी पंजाबी गायक हंसराज हंस के बेटे और गायक नवराज हंस से हुई है। इस तरह दलेर मेहंदी का परिवार भी संगीत की दुनिया से गहराई से जुड़ा हुआ है।