

Manoj Bajpayee Film Governor X Review: बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी की फिल्म गवर्नर आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। राजनीतिक और आर्थिक पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों से पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिल रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फिल्म को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जहां लोग इसकी कहानी, विषय और खासतौर पर मनोज बाजपेयी के अभिनय की जमकर सराहना कर रहे हैं।
फिल्म देखने के बाद एक यूजर ने लिखा कि अगर ‘गवर्नर’ को एक शब्द में परिभाषित करना हो तो यह देसी धुरंधर है। उन्होंने दर्शकों को सलाह दी कि ज्यादा समीक्षा पढ़ने के बजाय सीधे फिल्म देखनी चाहिए। यूजर के अनुसार, मनोज बाजपेयी ने अपने किरदार को बेहद प्रभावशाली तरीके से निभाया है। कई अन्य दर्शकों ने भी अभिनेता की परफॉर्मेंस को फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बताया।
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी कहानी को बताया जा रहा है। एक यूजर ने लिखा कि ‘गवर्नर’ जैसी फिल्में बहुत कम बनती हैं, जो अर्थशास्त्र जैसे जटिल विषय को भी थ्रिलर की तरह रोमांचक बना दें। दर्शकों का मानना है कि फिल्म न केवल मनोरंजन करती है, बल्कि भारत के आर्थिक इतिहास के एक महत्वपूर्ण दौर से भी परिचित कराती है। यही वजह है कि इसे आम दर्शकों के साथ-साथ गंभीर सिनेमा पसंद करने वाले लोग भी पसंद कर रहे हैं।
फिल्म के निर्देशक चिन्मय मांडलेकर के काम की भी सोशल मीडिया पर तारीफ हो रही है। कई यूजर्स का कहना है कि उन्होंने एक जटिल विषय को बेहद सरल और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। कुछ दर्शकों ने इसे सप्ताह की सर्वश्रेष्ठ फिल्म तक बताया है। उनका कहना है कि फिल्म का स्क्रीनप्ले, संवाद और प्रस्तुति इसे खास बनाते हैं।
‘गवर्नर’ एक सच्ची घटना से प्रेरित फिल्म है। इसकी कहानी 1990 के दशक में भारत के आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में मनोज बाजपेयी एक रिजर्व बैंक गवर्नर की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्हें देश को गंभीर आर्थिक संकट से बाहर निकालने की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। फिल्म देश के इतिहास के एक अहम अध्याय और एक ऐसे गुमनाम नायक की कहानी सामने लाती है, जिसके योगदान के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।