सत्या आज रिलीज होती तो भी ब्लॉकबस्टर होती, Manoj Bajpayee ने बताया कैसे फिल्म ने बदल दी हिंदी सिनेमा की दिशा

Manoj Bajpayee Struggle: मनोज बाजपेयी ने कहा कि 'सत्या' अगर आज रिलीज होती तो भी ब्लॉकबस्टर साबित होती। अभिनेता ने फिल्म को हिंदी सिनेमा की कल्ट क्लासिक बताते हुए अपने संघर्ष भरे दिनों को भी याद किया।
Manoj Bajpayee Interview Satya Cult Classic Governor Movie Ram Gopal Varma
मनोज बाजपेयी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Manoj Bajpayee On Satya: बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'गवर्नर' को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उन्होंने अपने करियर की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक 'सत्या' को लेकर खुलकर बात की। मनोज का मानना है कि अगर 'सत्या' आज के दौर में भी रिलीज होती, तो वह उतनी ही बड़ी सफलता हासिल करती जितनी उसने अपने समय में की थी।

मनोज बाजपेयी ने फिल्म को हिंदी सिनेमा की दिशा बदलने वाली कल्ट क्लासिक बताया। उनसे जब पूछा गया कि अगर 'सत्या' आज रिलीज होती तो क्या वह उतनी ही बड़ी हिट साबित होती, तो उन्होंने बिना झिझक कहा कि क्यों नहीं? दर्शक दुनिया भर में एक जैसे होते हैं। अगर 'सत्या' आज रिलीज होती, तो वह फिर से ब्लॉकबस्टर और यादगार फिल्म बनती।

मनोज बाजपेयी ने कही ये बात

मनोज बाजपेयी ने कहा कि 'सत्या' सिर्फ एक फिल्म नहीं थी, बल्कि उसने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक नया चलन शुरू किया। फिल्म ने न सिर्फ कहानी कहने के तरीके को बदला, बल्कि अभिनय की शैली पर भी गहरा प्रभाव डाला। मनोज के मुताबिक, आज जिस तरह की यथार्थवादी परफॉर्मेंस को सराहा जाता है, उसकी नींव कहीं न कहीं 'सत्या' ने ही रखी थी।

संघर्षों से भरा था शुरुआती सफर

बातचीत के दौरान मनोज बाजपेयी ने अपने शुरुआती दिनों के संघर्ष को भी याद किया। जब उनसे पूछा गया कि वह 1994 वाले मनोज बाजपेयी को क्या सलाह देना चाहेंगे, तो उन्होंने भावुक अंदाज में जवाब दिया। मनोज ने कहा कि उस दौर में उनके अंदर बहुत गुस्सा और ऊर्जा थी। वह लगातार सीखना चाहते थे और अपनी परिस्थितियों से लड़ रहे थे। उस समय आर्थिक हालात इतने कठिन थे कि कई बार यह भी नहीं पता होता था कि अगला खाना कहां से आएगा या रिहर्सल के बाद घर कैसे पहुंचेंगे।

12 जून को रिलीज होगी गवर्नर

वर्कफ्रंट की बात करें तो मनोज बाजपेयी जल्द ही फिल्म 'गवर्नर' में नजर आने वाले हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ है, जिसे दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और 1990 के दशक में भारत के सबसे बड़े आर्थिक संकट की कहानी को बड़े पर्दे पर दिखाएगी। फिल्म में मनोज एक दमदार और गंभीर भूमिका में नजर आएंगे। 'गवर्नर' 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com