झूठी हैं तान्या मित्तल... BB19 के घर में मुफ्त में पहनीं 800 साड़ियां, स्टाइलिस्ट ने लगाए गंभीर आरोप

Tanya Mittal Stylist Controversy: तान्या मित्तल बाहर आते ही विवादों में घिर गई हैं। उनकी स्टाइलिस्ट रिद्धिमा शर्मा ने दावा किया है कि उन्होंने शो के दौरान पहनी 800 साड़ियों का भुगतान नहीं किया।
Tanya Mittal
तान्या मित्तल (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Tanya Mittal 800 Sarees Controversy: टीवी का सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो बिग बॉस 19 भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन उसके कंटेस्टेंट्स अभी भी सुर्खियों में बने हुए हैं। खासकर शो की तीसरी रनर-अप तान्या मित्तल, जिन पर इन दिनों नए विवादों का साया मंडरा रहा है। उनकी पर्सनल स्टाइलिस्ट रिद्धिमा शर्मा ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसने सोशल मीडिया पर बवाल मचा दिया है।

रिद्धिमा शर्मा ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट शेयर कर बताया कि उन्होंने तान्या के लिए कई महंगी साड़ियां, पोशाकें और एक्सेसरीज भेजीं, जिन्हें तान्या ने बिग बॉस के घर में लगातार पहना भी। लेकिन इसके बावजूद उन्हें अब तक एक भी रुपया नहीं मिला।

स्टाइलिस्ट रिद्धिमा कपूर ने लगाए गंभीर आरोप

रिद्धिमा के मुताबिक, उन्होंने आउटफिट्स भेजने के साथ-साथ उनका पोर्टल खर्च भी खुद उठाया। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक हफ्ते से वह तान्या और उनकी टीम से संपर्क करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ उपेक्षा और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।

रिद्धिमा ने अपनी पोस्ट में लिखा “मैंने हमेशा तान्या को सपोर्ट किया, उन्हें महंगे आउटफिट भेजे, यहां तक कि उन्हें एक खास गिफ्ट और लेटर तक भेजा… लेकिन उन्होंने एक ‘थैंक यू’ तक नहीं कहा। मेरी मेहनत को नजरअंदाज किया जा रहा है।”

रिद्धिमा ने यह भी कहा कि तान्या मित्तल बिग बॉस के घर में 800 से ज्यादा साड़ियां लेकर गई थीं, जो ज्यादातर उनके द्वारा भेजी गई थीं। उनका कहना है कि इस वजह से अब वह मुश्किलों में फंस गई हैं, क्योंकि आउटफिट का पैसा न मिलने से वह आर्थिक दबाव झेल रही हैं। उनके अनुसार, तान्या की टीम ने न केवल भुगतान रोक रखा है, बल्कि उन्हें बार-बार टाल रही है और डराने की कोशिश भी की जा रही है।

नेटिजन्स ने तान्या को किया ट्रोल

बिग बॉस 19 में अपनी सादगी और आध्यात्मिक छवि को लेकर चर्चा में रहीं तान्या मित्तल अब सोशल मीडिया पर आलोचकों के निशाने पर हैं। इस विवाद के बाद कई नेटिजन्स उन्हें ट्रोल कर रहे हैं और भुगतान न करने के आरोपों पर प्रतिक्रिया मांग रहे हैं। हालांकि, तान्या या उनकी टीम की ओर से इस मुद्दे पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।