बिग बॉस 19 में भोजपुरी स्टार नीलम गिरी की एंट्री, आम्रपाली दुबे ने दी खास शुभकामनाएं

Bigg Boss 19: सलमान खान के रियलिटी शो बिग बॉस 19 में भोजपुरी एक्ट्रेस नीलम गिरी की धमाकेदार एंट्री हुई है। जिसपर आम्रपाली दुबे ने उनके नए सफर की शुरुआत पर बधाई दी है और कहा कि जीतकर ही वापस लौटना।
Amrapali Dubey, Neelam Giri
आम्रपाली दुबे और नीलम गिरी (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Neelam Giri Bigg Boss Entry: भारत का सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ इस बार भी दर्शकों के लिए ढेर सारा ड्रामा और एंटरटेनमेंट लेकर आया है। हर सीजन की तरह इसमें अलग-अलग बैकग्राउंड से आए कंटेस्टेंट्स अपनी मौजूदगी दर्ज कराते नजर आ रहे हैं। लेकिन इस बार की सबसे खास एंट्री भोजपुरी इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेस नीलम गिरी की है। नीलम के शो में कदम रखते ही भोजपुरी सिनेमा के फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

दरअसल, नीलम गिरी की बिग बॉस जर्नी को लेकर इंडस्ट्री से भी ढेरों रिएक्शन सामने आ रहे हैं। खास बात यह है कि भोजपुरी की सुपरहिट अदाकारा आम्रपाली दुबे ने सोशल मीडिया पर नीलम को खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं। आम्रपाली ने अपने इंस्टाग्राम पर नीलम के साथ एक प्यारी सी फोटो शेयर की, जिसमें दोनों एक्ट्रेसेज मुस्कुराते हुए नजर आ रही हैं। इस फोटो के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा कि “शुभकामनाएं नीलम गिरी… हमें पूरा विश्वास है कि आप बिग बॉस 19 में धमाल मचाएंगी। घर वापसी ट्रॉफी के साथ हो।”

नीलम गिरी की जबरदस्त फैन फॉलोइंग

नीलम गिरी की लोकप्रियता सिर्फ फिल्मों और गानों तक ही सीमित नहीं है। सोशल मीडिया पर भी उनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग है। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखने वाली नीलम ने अपनी पढ़ाई पटना से पूरी की। मिडिल क्लास फैमिली से आने के बावजूद उन्होंने बड़े सपने देखने की हिम्मत की और उनका सफर टिकटॉक और शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म्स से शुरू हुआ।

नीलम ने डांस और एक्टिंग वीडियोज से अपनी पहचान बनाई और उनकी मेहनत ने उन्हें जल्दी ही भोजपुरी इंडस्ट्री का हिस्सा बना दिया। उनका टैलेंट देखकर सुपरस्टार पवन सिंह ने उन्हें अपने म्यूजिक वीडियो ‘धनिया हमार नया बाड़ी हो’ में मौका दिया। यह गाना सुपरहिट साबित हुआ और नीलम को रातों-रात पहचान मिल गई। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और कई हिट फिल्मों और गानों में काम किया।

बिग बॉस 19 में मचाएंगी धमाल

आपको बता दें, आज नीलम गिरी इंडस्ट्री की उभरती हुई स्टार हैं। उनके एक्सप्रेशन्स, डांस मूव्स और आत्मविश्वास ने उन्हें फैंस के बीच खास जगह दिलाई है। अब ‘बिग बॉस 19’ में उनकी मौजूदगी निश्चित तौर पर शो को और भी ज्यादा दिलचस्प बनाने वाली है। हालांकि, फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि नीलम गिरी इस शो में कैसा परफॉर्म करती हैं और क्या वे सच में बिग बॉस की ट्रॉफी अपने नाम कर पाएंगी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com