विवादों के बाद फिर लौट रहा Badshah का गाना ‘टटीरी’, नए नाम और बदले लिरिक्स के साथ इस दिन होगा रिलीज

Badshah Song Re-Release: अश्लील लिरिक्स को लेकर विवादों में घिरे बादशाह का गाना ‘टटीरी’ अब नए बदलावों के साथ दोबारा रिलीज होने जा रहा है। सिंगर ने इसका नया टाइटल ‘टटीरी फिर से’ रखा है।
Badshah Song Re-Release
बादशाह (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Badshah Tateeree Song Controversy: पंजाबी सिंगर और रैपर बादशाह का विवादित गाना ‘टटीरी’ एक बार फिर चर्चा में है। पहले अश्लील लिरिक्स की वजह से सोशल मीडिया से हटाए गए इस गाने को अब बदलावों के साथ दोबारा रिलीज करने की तैयारी की जा रही है। सिंगर ने न केवल गाने के बोलों में संशोधन किया है, बल्कि इसका नया टाइटल भी ‘टटीरी फिर से’ रख दिया है।

दरअसल, ‘टटीरी’ गाने को रिलीज के बाद तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। कई लोगों ने इसके कुछ शब्दों और लिरिक्स को आपत्तिजनक बताते हुए विरोध जताया था। विवाद बढ़ने के बाद यह गाना विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया था और बादशाह ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी।

नए बदलावों के साथ फिर होगी रिलीज

अब सिंगर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए घोषणा की है कि यह गाना नए रूप में फिर से दर्शकों के सामने लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि गाने में उन सभी हिस्सों को हटा दिया गया है, जिन्हें अपमानजनक या आपत्तिजनक माना गया था।

बादशाह ने अपने पोस्ट में लिखा कि पिछले कुछ हफ्तों में उन्होंने सरकारी अधिकारियों, महिला संगठनों और समाजसेवियों की प्रतिक्रियाओं को ध्यान से सुना है। उसी के आधार पर गाने में जरूरी बदलाव किए गए हैं ताकि किसी की भावनाएं आहत न हों।

उन्होंने यह भी कहा कि एक कलाकार होने के साथ-साथ समाज और संस्कृति के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही जरूरी है। उनका मानना है कि दर्शकों की भावनाओं का सम्मान करना हर कलाकार का कर्तव्य है।

14 अप्रैल को होगा आधिकारिक रिलीज

सिंगर ने यह भी स्पष्ट किया है कि ‘टटीरी फिर से’ 14 अप्रैल को आधिकारिक तौर पर यूट्यूब पर रिलीज किया जाएगा। गाने की एक झलक भी साझा की गई है, जिससे यह संकेत मिलता है कि इस बार इसमें हरियाणा की लोक संस्कृति और लोक संगीत की झलक को सम्मानजनक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। ऐसा माना जा रहा है कि गाने का नया संस्करण पहले से अलग और अधिक संतुलित होगा, ताकि विवाद की स्थिति दोबारा पैदा न हो।

महिला आयोग के सामने पेश हुए थे बादशाह

गौरतलब है कि इस विवाद के चलते राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया था। हाल ही में बादशाह को महिला आयोग के समक्ष पेश होना पड़ा था, जहां उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी।

इसके अलावा, सिंगर ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए कुछ बच्चियों की शिक्षा का खर्च उठाने का फैसला भी किया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि बदले हुए लिरिक्स और नए टाइटल के साथ रिलीज होने वाला ‘टटीरी फिर से’ दर्शकों के बीच कैसी प्रतिक्रिया हासिल करता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com