बादशाह के ‘टटीरी’ गाने पर सख्त एक्शन, NCW ने जारी किया समन, 25 मार्च को पेश होने का दिया निर्देश

Tateeree Song Issue: बादशाह के गाने टटीरी पर अश्लीलता के आरोपों के चलते राष्ट्रीय महिला आयोग ने उन्हें समन जारी किया है। 25 मार्च को पेश होने का निर्देश दिया गया है। गाना सोशल मीडिया से हटा दिया गया।
Badshah Tateeree Controversy National Commission for Women action summon
बादशाह (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Badshah Tateeree Controversy: पॉपुलर सिंगर बादशाह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके हालिया गाने ‘टटीरी’ को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें समन जारी किया है। आयोग ने गाने में कथित अश्लीलता और अभद्रता के आरोपों पर स्वतः संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने बादशाह समेत गाने से जुड़े अन्य लोगों को 25 मार्च को दोपहर 12:30 बजे आयोग के सामने पेश होने का निर्देश दिया है। इस मामले में निर्देशक माही संधू, जोबन संधू और निर्माता हितेन को भी समन भेजा गया है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी को जरूरी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा, अन्यथा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। NCW के अनुसार, ‘टटीरी’ गाने की सामग्री पहली नजर में आपत्तिजनक प्रतीत होती है। आयोग का मानना है कि यह गाना भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और महिलाओं के अश्लील चित्रण अधिनियम, 1986 के प्रावधानों का उल्लंघन कर सकता है। यही वजह है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की गई है।

पहले भी हो चुका है विवाद

‘टटीरी’ गाना रिलीज के बाद से ही विवादों में रहा है। गाने के बोल, स्कूल यूनिफॉर्म और सरकारी बस के इस्तेमाल को लेकर कई आपत्तियां उठाई गई थीं। इससे पहले हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी इस मामले में कार्रवाई की थी और राज्य में दो अलग-अलग जगहों पर एफआईआर दर्ज की गई थी। विवाद बढ़ने के बाद ‘टटीरी’ गाने को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया है। बढ़ते विरोध के बीच बादशाह ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी, लेकिन मामला शांत होने के बजाय और बढ़ता चला गया।

केडी: द डेविल से जुड़े लोगों पर भी एक्शन

इसी कड़ी में NCW ने फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के विवादित गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' से जुड़े लोगों को भी समन जारी किया है। इस मामले में नोरा फतेही, संजय दत्त और अन्य संबंधित लोगों को 24 मार्च को आयोग के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है। फिलहाल, इस मामले ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। अब सभी की नजर 24 और 25 मार्च को होने वाली सुनवाई पर टिकी हुई है, जहां इस विवाद पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com