

Highlights
डिज्नी ने 'अवतार 4' और 'अवतार 5' की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है।
'अवतार 4' 21 दिसंबर 2029 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
'अवतार 5' 19 दिसंबर 2031 को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी।
James Cameron Avatar 4 And 5 Release Date: हॉलीवुड की सबसे सफल फिल्म फ्रेंचाइजी में शुमार 'अवतार' के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। जेम्स कैमरून की इस शानदार फ्रेंचाइजी में अब दो नए पार्ट जुड़ने जा रहे हैं। डिज्नी ने आधिकारिक तौर पर 'अवतार 4' और 'अवतार 5' की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। अब तक इस फ्रेंचाइजी की तीन फिल्मों ने दुनियाभर में करीब 61 हजार करोड़ रुपये की कमाई की है। ऐसे में आने वाले दोनों पार्ट को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
डिज्नी ने 'अवतार 4' और 'अवतार 5' को अपनी आगामी फिल्मों की सूची में शामिल किया है। अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में आयोजित एक इवेंट के दौरान इन दोनों फिल्मों को बड़े प्रोजेक्ट के तौर पर पेश किया गया और उनकी रिलीज डेट की जानकारी दी गई। 'अवतार 4' 21 दिसंबर 2029 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, इसका पांचवां पार्ट 19 दिसंबर 2031 को बड़े पर्दे पर दस्तक देगा। यानी दर्शकों को दोनों फिल्मों के बीच करीब दो साल का इंतजार करना होगा।
'अवतार' फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2009 में हुई थी। जेम्स कैमरून के निर्देशन में बनी पहली फिल्म ने दुनियाभर में जबरदस्त सफलता हासिल की। इसने करीब 2.92 बिलियन डॉलर यानी लगभग 27 हजार करोड़ रुपये का कारोबार किया था। यह दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में दूसरे स्थान पर है। इसके बाद साल 2022 में 'अवतार: द वे ऑफ वॉटर' रिलीज हुई। फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला और इसने करीब 2.33 बिलियन डॉलर यानी लगभग 21 हजार करोड़ रुपये कमाए।
साल 2025 में फ्रेंचाइजी का तीसरा पार्ट 'अवतार 3' रिलीज हुआ। इस फिल्म ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए करीब 1.4 बिलियन डॉलर यानी लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस तरह तीनों फिल्मों की कुल कमाई करीब 6.65 बिलियन डॉलर यानी लगभग 61 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। अब देखना होगा कि 'अवतार 4' और 'अवतार 5' बॉक्स ऑफिस पर कमाई के कौन से नए रिकॉर्ड बनाती हैं।