‘मुंबई की भागदौड़ में मिला सच्चा रिश्ता…’, अनुपम खेर ने दोस्त अशोक पंडित के लिए लिखी दिल छू लेने वाली बात
Anupam Kher Instagram Post: अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर दोस्त अशोक पंडित और उनके परिवार के लिए भावुक पोस्ट शेयर की। उन्होंने इस रिश्ते को जिंदगी का सबसे मजबूत सहारा बताया।
- Written By: स्नेहा मौर्या
अनुपम खेर, अशोक पंडित (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Anupam Kher Emotional Post On Ashok Pandit: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर अपने सोशल मीडिया पोस्ट्स के जरिए अक्सर फैंस से जुड़े रहते हैं। हाल ही में उन्होंने एक ऐसा भावुक पोस्ट साझा किया, जिसने दोस्ती और रिश्तों की गहराई को खूबसूरती से बयां कर दिया। इस पोस्ट में उन्होंने अपने खास दोस्त अशोक पंडित और उनके परिवार के प्रति अपने दिल की बात कही।
अनुपम खेर की दोस्ती जो बनी जिंदगी का सहारा
अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वह अशोक पंडित और उनके परिवार के साथ नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि मुंबई जैसे तेज रफ्तार शहर में, जहां रिश्ते अक्सर अस्थायी लगते हैं, कुछ लोग ऐसे होते हैं जो जिंदगी में स्थायी सहारा बन जाते हैं। उनके मुताबिक, अशोक पंडित उनके लिए ऐसे ही इंसान हैं, जो बिना किसी दिखावे के हमेशा उनके साथ खड़े रहते हैं।
बिना शोर-शराबे की मजबूत दोस्ती
अनुपम खेर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनकी और अशोक की दोस्ती वर्षों पुरानी है और यह रिश्ता बिना किसी ड्रामा या दिखावे के और मजबूत होता गया। उन्होंने कहा, “कोई शोर नहीं, कोई प्रदर्शन नहीं, सिर्फ उनकी मौजूदगी ही इतनी है कि आपको हमेशा यह एहसास होता है कि आप अकेले नहीं हैं।”
परिवार बना अपना परिवार
इस पोस्ट में अनुपम खेर ने यह भी बताया कि कैसे धीरे-धीरे अशोक पंडित का परिवार भी उनकी जिंदगी का हिस्सा बन गया। उन्होंने नीरजा, राज, शारिका और तपस के साथ अपने रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि यह जुड़ाव किसी एक दिन में नहीं बना, बल्कि समय के साथ प्यार, देखभाल और साथ बिताए पलों से गहरा हुआ।
ये भी पढ़ें- वायरल गर्ल मोनालिसा और पति फरमान को शादी के बाद मिल रहीं जान से मारने की धमकियां, दोनों ने सरकार से लगाई गुहार
अनकहे रिश्तों की खूबसूरती
अनुपम खेर ने लिखा कि जिंदगी के सबसे सच्चे रिश्ते वे होते हैं, जिन्हें प्लान नहीं किया जाता। ये रिश्ते अपने आप दिल में जगह बना लेते हैं और हमेशा के लिए खास बन जाते हैं।
पोस्ट के अंत में अनुपम खेर ने अशोक पंडित को अपना दोस्त ही नहीं, बल्कि भाई बताया और उनके प्रति आभार जताया। साथ ही उनके परिवार को भी धन्यवाद दिया कि उन्होंने उन्हें अपने परिवार का हिस्सा बनाया। यह पोस्ट इस बात का खूबसूरत उदाहरण है कि भागदौड़ भरी जिंदगी में भी सच्चे रिश्ते और दोस्ती ही इंसान को मजबूती देते हैं।
