Pushpa 2 Japan Release: टोक्यो में अल्लू अर्जुन की गजब की दीवानगी, 'पुष्पा कुनरिन' के लिए उमड़े जापानी फैंस

Pushpa 2 Japan: अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' जापान में 'पुष्पा कुनरिन' नाम से रिलीज हुई। टोक्यो प्रीमियर पर उमड़ी भीड़ को देख साउथ के सुपरस्टार्स ने फैंस के लिए भावुक पोस्ट लिखी। 
Allu Arjun Pushpa 2 Japan
Allu Arjun Pushpa 2 Japan (फोटो क्रेडिट-इंस्टाग्राम)
Published on
Updated on

Allu Arjun Pushpa 2 Japan: साल 2024 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर ‘पुष्पा 2: द रूल’ अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाने के लिए तैयार है। यह फिल्म आज जापानी भाषा में ‘पुष्पा कुनरिन’ नाम से जापान के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस खास मौके पर सुपरस्टार अल्लू अर्जुन और नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना फिल्म के प्रमोशन के लिए टोक्यो पहुंचे। जापानी दर्शकों के बीच भारतीय 'पुष्पा' की ऐसी दीवानगी देखी गई कि सोशल मीडिया पर इसके वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

टोक्यो में आयोजित फिल्म के ग्रैंड प्रीमियर पर हजारों की संख्या में फैंस अपने पसंदीदा सितारों की झलक पाने के लिए इकट्ठा हुए। अल्लू अर्जुन ने न केवल फैंस के साथ समय बिताया, बल्कि उनके प्रति मिले इस अभूतपूर्व प्यार और सम्मान के लिए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट भी साझा की है।

जापानी फैंस का जताया आभार: "इतना प्यार देने के लिए शुक्रिया"

अल्लू अर्जुन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल की स्टोरी सेक्शन में टोक्यो प्रीमियर की कई शानदार तस्वीरें साझा कीं। एक तस्वीर में वे रश्मिका मंदाना के साथ स्टेज पर खड़े होकर जापानी फैंस का अभिवादन कर रहे हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "इतना प्यार देने के लिए शुक्रिया। उम्मीद है कि थिएटर में आपको यह फिल्म पसंद आएगी और आप इसे देखकर खुश होंगे।" जापानी फैंस ने भी अल्लू अर्जुन के लिए एक बड़े बोर्ड पर अपने हाथों से ढेरों संदेश लिखे थे, जिसे देखकर अभिनेता काफी प्रभावित नजर आए।

जापानी भाषा में गूंजा "झुकेगा नहीं साला"

प्रीमियर के दौरान सबसे यादगार पल वह रहा जब अल्लू अर्जुन ने माइक थामकर जापानी भाषा में फिल्म का प्रतिष्ठित डायलॉग बोला। जैसे ही उन्होंने जापानी लहजे में अपना सिग्नेचर स्टेप किया, पूरा हॉल तालियों और सीटियों से गूंज उठा। फिल्म के मेकर्स को पूरी उम्मीद है कि 'पुष्पा कुनरिन' जापान में भी वैसा ही इतिहास रचेगी, जैसा फिल्म 'आरआरआर' ने रचा था। टोक्यो की सड़कों पर 'पुष्पा' के पोस्टर और फैंस की भीड़ यह साबित करती है कि भारतीय सिनेमा की पहुंच वैश्विक स्तर पर कितनी मजबूत हो चुकी है।

लोकेश कनगराज के साथ अगली फिल्म 'AA23' का ऐलान

'पुष्पा 2' की वैश्विक सफलता के बीच अल्लू अर्जुन ने अपने अगले बड़े प्रोजेक्ट की भी घोषणा कर दी है। मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर यह आधिकारिक जानकारी दी गई कि वे अपनी 23वीं फिल्म के लिए मशहूर निर्देशक लोकेश कनगराज के साथ हाथ मिला रहे हैं। फिलहाल इस फिल्म का शीर्षक तय नहीं हुआ है और इसे 'एए 23' (AA23) के नाम से जाना जा रहा है। लोकेश के सिनेमैटिक यूनिवर्स और अल्लू अर्जुन के स्वैग का यह मेल सिनेमा प्रेमियों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com