मुंबई: टेलीविजन धारावाहिक ‘महाभारत’ (Mahabharat) में ‘शकुनी मामा’ की भूमिका निभाने वाले अभिनेता गुफी पेंटल (Gufi Pental Hospitalized) को उम्र संबंधी बीमारियों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभिनेता के भतीजे हितेन पेंटल ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अभिनेता (80) को लगभग एक सप्ताह पहले उपनगरीय अंधेरी के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हितेन ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, “उन्हें रक्तचाप और हृदय संबंधी समस्या थी। वह काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। हालत अब गंभीर हो गई थी इसलिए हमने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। वह सात-आठ दिनों से अस्पताल में हैं। शुरुआत में उनकी हालत गंभीर थी, लेकिन फिलहाल हालत स्थिर है।”