

Highlights
गोवा में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का हुआ भव्य शुभारंभ।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, रवि किशन और आशुतोष गोवारिकर शामिल हुए।
86 देशों की 150 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय फिल्मों और 18 भाषाओं की 76 भारतीय फिल्मों का प्रदर्शन होगा।
रवि किशन ने सिनेमा की सीमाओं से परे ताकत पर बात की और राज कपूर का गीत गुनगुनाया।
Ravi Kishan and Pramod Sawant Goa Film Festival 2026: गोवा में शुक्रवार को 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) का भव्य शुभारंभ हुआ। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, सांसद और एक्टर रवि किशन महोत्सव निर्देशक और फिल्मकार आशुतोष गोवारिकर, एनएफडीसी के एमडी और भारतीय सूचना सेवा के वरिष्ठ अधिकारी धीरज सिंह सहित फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियां मौजूद रहीं।
इस साल महोत्सव की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' (सीमाओं से परे कहानियां) रखी गई है। यह महोत्सव 20 से 28 नवंबर तक चलेगा। इसमें देश और दुनिया के करीब 3000 से ज्यादा प्रतिनिधि और प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने महोत्सव का उद्घाटन करते हुए गोवा को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि गोवा में फिल्मों की शूटिंग लगातार चलती रहती है। इसकी वजह यह है कि यह फिल्मों के अनुकूल लोकेशन वाला राज्य होने के साथ ही आदर सत्कार में भी अग्रणी राज्य है। उन्होंने कहा कि IFFI गोवा की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।
राज्य सरकार फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों, निर्माताओं और प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मराठी व कोंकणी फिल्मों ने क्षेत्रीय सिनेमा में एक बेहतरीन मुकाम हासिल किया है। इसी तरह गोवा की फिल्मों ने भी भारतीय सिनेमा में अद्भुत योगदान दिया है।
सांसद रवि किशन ने भी समारोह को संबोधित करते हुए भारतीय सिनेमा की विविधता, क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों और देश की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर पहुंचाने में ऐसे आयोजनों की भूमिका को रेखांकित किया।
उन्होंने सिनेमा को समाज और संस्कृति को जोड़ने वाला प्रभावशाली माध्यम करार दिया। रवि किशन ने कहा कि सिनेमा की कोई सीमा नहीं होती है। इसका प्रमाण है कि जब उन्होंने स्पाइडर-मैन फिल्म को भोजपुरी भाषा में अपनी आवाज दी तो यह सुपरहिट फिल्म साबित हुई।
उन्होंने कहा कि उनका जन्म बिहार में हुआ। लेकिन वह एक मुंबई बायय है। उन्होंने अपने पिछले 35 साल के फिल्मी करियर में करीब 700 फिल्मों में कार्य किया है। इसमें लापता लेडिस जैसी अवार्ड हासिल करने वाली फिल्म के अलावा कई क्षेत्रीय भाषा की फिल्म भी है। इसमें कन्नड़, तेलुगू,मराठी, भोजपुरी फिल्म शामिल है। लेकिन हर भाषा ने यह बताया कि अभिनय और सिनेमा की कोई सीमा नहीं होती है।
रवि किशन ने इस अवसर पर राज कपूर का गाना ' जीना यहां मरना यहां भी ' गुनगुनाया और कहा कि कलाकार का एकमात्र कर्तव्य और धर्म सिनेमा और अभिनय की सेवा करते रहना होता है। हर कलाकार एक दिन काम करते-करते ऊपर चला जाता है।
लेकिन उसकी इच्छा रहती है की धरती पर सिनेमा का शो हमेशा चलता रहे। रवि किशन ने इस मौके पर भारत में फिल्मों और उससे जुड़ी इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद भी किया।
इस मौके पर केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने गोवा फिल्म फेस्टिवल के साथ ही भारत में सिनेमा को सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधा और सहायता को लेकर जानकारी दी।
उन्होंने गोवा फिल्म फेस्टिवल में जुटे दुनिया भर के फिल्मकारों को गोवा सहित भारत के विभिन्न हिस्सों में शूटिंग करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि सिनेमा अभिव्यक्ति का एक ऐसा माध्यम है। जो सीमा के बंधन को नहीं मानता है। यही वजह है कि दुनिया की फिल्में भारत में भी दर्शकों को पसंद आती है। भारत की फिल्मों को भी दुनिया भर में सराहा जा रहा है।
इस मौके पर तीन बार ग्रैमी पुरस्कार जीत चुके संगीतकार रिकी केज की सिम्फोनिक ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुति 'ए वर्ल्ड ऑफ सिनेमा थ्रू म्यूजिक' समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। इसके अलावा 'म्यूजिक विदाउट बॉर्डर्स' और 'बियॉन्ड द फ्रेम' नामक विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बनाया। अभिनेत्री साई पल्लवी सहित कई फिल्मी हस्तियों ने भी समारोह में भाग लिया।
इस वर्ष महोत्सव में 86 देशों की 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं इंडियन पैनोरमा खंड में 18 भाषाओं की 76 भारतीय फिल्में दिखाई जाएंगी। महोत्सव की शुरुआत पोलिश फिल्मकार पावेल पावलिकोव्स्की की फिल्म 'फादरलैंड' से हुई।
स्पेन को कंट्री ऑफ ऑनर और रूस को पार्टनर कंट्री बनाया गया है। महोत्सव में सिनेमा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और प्रतिभा को सम्मानित करने के लिए प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक और सिल्वर पीकॉक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। सर्वश्रेष्ठ फिल्म को गोल्डन पीकॉक मिलेगा।
जबकि सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, विशेष जूरी पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फीचर फिल्म के लिए सिल्वर पीकॉक दिए जाएंगे। इसके अलावा शांति, सहिष्णुता और अंतर-सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देने वाली फिल्म को ICFT-UNESCO गांधी मेडल से सम्मानित किया जाएगा। युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो और फिल्मकारों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए वेव्स फिल्म बाजार भी आयोजित किया जा रहा है।