

Highlights
गोवा में 20 नवंबर से 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया की शुरुआत हुई।
उद्घाटन समारोह में साई पल्लवी, कार्तिक आर्यन और रवि किशन शामिल हुए।
इस साल फेस्टिवल की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' रखी गई है।
57th International Film Festival of India: गोवा में शुक्रवार, 20 नवंबर से 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया की शुरुआत हो गई है। उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड और सिनेमा जगत की कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। अभिनेता रवि किशन, कार्तिक आर्यन और अभिनेत्री साई पल्लवी ने इस मौके पर सिनेमा की अहमियत और फिल्म फेस्टिवल की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। इस साल महोत्सव की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' रखी गई है। इसके तहत दुनियाभर की अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों की कहानियों को एक मंच पर लाया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में अभिनेता और गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने सिनेमा की ताकत पर बात की। उन्होंने कहा कि सिनेमा भाषा और भौगोलिक सीमाओं से परे जाकर लोगों को जोड़ने का काम करता है। फिल्मों की कहानियां और उनमें दिखाई जाने वाली भावनाएं दर्शकों के दिल तक पहुंचती हैं। यही वजह है कि सिनेमा दुनिया के अलग-अलग हिस्सों के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का प्रभावशाली माध्यम है।
कार्तिक आर्यन ने इस साल की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा भाषा की सीमाओं को पार कर साझा मानवीय भावनाओं के जरिए लोगों को एक साथ लाता है। कार्तिक ने IFFI को अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों की फिल्मों का बड़ा उत्सव बताया।
वहीं, साई पल्लवी ने कहा कि IFFI जैसे फिल्म फेस्टिवल कलाकारों को सही दर्शक और प्रोत्साहन देने का काम करते हैं। उनके मुताबिक, हर फिल्म और कलाकार को ऐसे दर्शकों की जरूरत होती है, जो उनके काम को समझें और उन्हें आगे बेहतर काम करने की प्रेरणा दें। इस तरह के मंच कलाकारों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
फिल्म 'हनुमान अंश' के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी भी उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि उनकी फिल्म पिछले करीब 105 से 110 दिनों से सिनेमाघरों में चल रही है। उन्होंने IFFI का हिस्सा बनने को पूरी टीम के लिए गर्व का पल बताया। इस दौरान उन्होंने फिल्म के संदेश और इसके सीक्वल की संभावना पर भी बात की।
इस साल 57वां IFFI 20 से 28 नवंबर तक चलेगा। यानी अगले नौ दिनों तक गोवा में सिनेमा का जश्न देखने को मिलेगा। महोत्सव में 86 देशों की 154 अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के साथ 75 भारतीय फिल्में भी प्रदर्शित की जाएंगी। इस बार स्पेन को 'कंट्री ऑफ ऑनर' और रूस को 'पार्टनर कंट्री' बनाया गया है। 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' की थीम के साथ यह आयोजन दुनियाभर की कहानियों और फिल्मकारों को एक साझा मंच देने की कोशिश करेगा।