बीजेपी का डबल गेम, महाराष्ट्र चुनाव के लिए बैक डोर से उतारे 164 उम्मीदवार, जानिए क्या है गणित
2019 के सीट बंटवारे से इसकी तुलना किए जाने पर बीजेपी 16 सीटों के नुकसान का दावा किया जा रहा है लेकिन हकीकत यह है कि बीजेपी ने बैक डोर से अपने लगभग 16 और उम्मीदवारों को चुनावी महासमर में उतारा है।
- Written By: आकाश मसने
अजित पवार, एकनाथ शिंदे व देवेन्द्र फडणवीस (सोर्स: सोशल मीडिया)
मुंबई: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किए जाने की मियाद खत्म होने तक किसी भी सियासी गठबंधन ने उसमें शामिल राजनीतिक दलों के बीच हुए सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला घोषित नहीं किया। हालांकि उम्मीदवारों की जारी की गई सूची के आधार पर यह पता चला है कि सत्तारूढ़ महायुति में बीजेपी को 148, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 85 तथा उप मुख्यमंत्री अजित पवार की एनसीपी को 51 सीटें मिली हैं।
2019 के सीट बंटवारे से इसकी तुलना किए जाने पर ऊपरी तौर पर बीजेपी 16 सीटों के नुकसान का दावा किया जा रहा है लेकिन हकीकत यह है कि बीजेपी ने बैक डोर से अपने लगभग 16 और उम्मीदवारों को चुनावी महासमर में उतारा है। जिसकी वजह से 2024 विधनासभा चुनाव में उसके उम्मीदवारों की संख्या लगभग 164 हो गई है। जो कि 2019 विधानसभा चुनाव के उसके उम्मीदवारों की संख्या के बराबर है।
बीजेपी और शिवसेना ने महायुति में 164+124 के फॉर्मूले के तहत 2019 विधानसभा चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में बीजेपी के 105 तो वहीं शिवसेना के 55 उम्मीदवार विजयी हुए थे। लेकिन शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अब दो हिस्सों में बंट चुकी है।
सम्बंधित ख़बरें
शरद पवार गुट को तगड़ा झटका: पूर्व मंत्री प्राजक्त तनपुरे थामेंगे भाजपा का दामन; सोशल मीडिया पर दिए बड़े संकेत
शाह फॉर्मूले में शिंदे को शह: विधान परिषद चुनाव में 11 सीटों के साथ BJP बनी बड़ा भाई, शिंदे और पवार बैकफुट पर
कर्मचारियों को कैशलेस इलाज, स्पेशल कोर्ट और 5 नए हाईवे; सम्राट कैबिनेट का बड़ा फैसला; 27 एजेंडों पर लगी मुहर
इंदौर में ‘वॉटर पॉलिटिक्स’, महापौर सचिवालय के बाहर पानी बहाने का VIDEO वायरल, कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने
यह भी पढ़ें:– निर्वाचन आयोग के आदेश पर महाराष्ट्र में 260 पुलिसकर्मियों का तबादला, महकमे में हड़कंप
फिलहाल सीएम एकनाथ शिंदे की शिवसेना और डीसीएम अजित पवार की एनसीपी के साथ महायुति बनाकर बीजेपी चुनाव लड़ रही है। विरोधी दावा कर रहे हैं कि शिवसेना व एनसीपी को तोड़ने का खामियाजा बीजेपी को भी भुगतना पड़ा है। 2019 की तुलना में उसके उम्मीदवारों की संख्या घटकर 148 हो गई है।
बीजेपी ने शुरू किया नया ट्रेंड
हालांकि 2024 महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान एक नया ट्रेंड देखने को मिला है। बीजेपी ने सहयोगी दलों को सीट देकर सम्मान भी रखा और सहयोगी दलों की उन सीटों पर अपने इच्छुकों को उम्मीदवारी दिला कर एक बार फिर से अपने उम्मीदवारों की संख्या 164 तक पहुंचा ली है। अपने सहयोगी दलों की लगभग 16 सीटों पर बीजेपी ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
सहयोगी दलों की सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार
- अर्जुनी मोरगांव विधानसभा सीट- अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के हिस्से में आई इस सीट पर बीजेपी के दो बार विधायक रहे राजकुमार बडोले उम्मीदवार हैं।
- बालापुर विधानसभा सीट- शिवसेना (शिंदे गुट) की इस सीट पर बीजेपी नेता बलिराम सिरस्कर चुनाव लड़ रहे हैं।
- कन्नड़ विधानसभा सीट- इस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे की बेटी संजना जाधव, सीएम एकनाथ शिंदे की शिवसेना के चुनाव चिन्ह धनुष-बाण पर चुनाव लड़ रही हैं।
- परभणी विधानसभा सीट- परभणी जिला केंद्रीय बैंक और कृषि उपज बाजार समिति के निदेशक और बीजेपी नेता आनंद भरोसे ने ऐन चुनाव के मौके पर कमल छोड़कर धनुष-बाण थाम लिया।
- उस्मानाबाद विधानसभा सीट- उस्मानाबाद सीट पर बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी के बीच रस्साकशी चल रही थी। लेकिन समझौते में यह सीट शिंदे गुट के खाते में चली गई। इसके बाद बीजेपी ने दांव खेला। उसके तहसील अध्यक्ष अजित पिंगले बीजेपी से कूद कर शिंदे गुट में चले गए। वहां उनकी उम्मीदवारी की घोषणा कर दी गई।
यह भी पढ़ें:– माहिम में अमित ठाकरे का समर्थन करेगी बीजेपी, देवेन्द्र फडणवीस बोले- हमारा रुख अडिग
इन सीटों पर भी यही कहानी
कुछ ऐसी ही कहानी लोहा कंधार, नवापुर, संगमनेर, नेवासा, करमाला, इस्लामपुर, फलटण-कोरेगांव, तासगांव कवठे महांकाल, कुडाल मालवण, पालघर, बोईसर, अंधेरी-पूर्व, कलीना, भिवंडी-पूर्व और मुंबादेवी विधानसभा सीट की भी है।
