

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है। अपने गृह जिलों में तीन साल से अधिक समय से पदस्थ पुलिसकर्मियों पर निवार्चन आयोग का चाबुक चला है। बुधवार को महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के 260 से अधिक पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया है। इससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
विधानसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को 260 से अधिक पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया, जिनमें मुंबई के 150 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार निर्वाचन आयोग ने उन अधिकारियों का तबादला करने का निर्देश दिया था, जो तीन वर्ष से अधिक समय से अपने गृह जिलों में सेवारत या वर्तमान पदस्थापन पर हैं।
जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ निरीक्षकों सहित मुंबई के लगभग 150 पुलिस अधिकारियों को गडचिरोली, गोंदिया, भंडारा, नागपुर और वाशिम सहित विभिन्न जिलों में स्थानांतरित कर दिया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि नवी मुंबई, मीरा भायंदर और वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के कुछ अधिकारियों का भी ट्रांसफर किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य के अलग-अलग जिलों के पुलिस अधिकारियों को मुंबई में तैनात किया गया है। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीट में से 36 सीटें मुंबई में हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले अधिकारियों के तबादले के उसके आदेशों को पूरी तरह लागू करने में विफल रहने को लेकर निर्वाचन आयोग ने पिछले महीने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव और राज्य के पुलिस प्रमुख से स्पष्टीकरण मांगा था।
निर्वाचन आयोग ने 15 अक्टूबर क महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों की चुनाव की तारीखों को ऐलान किया था। राज्य में 20 नवंबर को मतदान होगा। वहीं 23 नवंबर को नतीजे आएंगे। 29 अक्टूबर को नामांकन का अंतिम दिन था। ऐसे में सभी पार्टियों ने अपने-अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतार दिया है।