केरल चुनाव के लिए भाजपा का 'संकल्प पत्र' जारी, फोटो- सोशल मीडिया
Keralam Assembly Election 2026: केरलम की राजनीति में इन दिनों काफी गर्माहट है और इसकी सबसे बड़ी वजह भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी किया गया उसका चुनावी घोषणापत्र है। तिरुवनंतपुरम में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने पार्टी के इस ‘संकल्प पत्र’ को जनता के सामने रखा।
लोगों की मानें तो भाजपा ने ‘विकसित केरलम’ का नारा देते हुए उन बुनियादी मुद्दों को छुआ है, जो किसी भी मध्यमवर्गीय परिवार के लिए सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। इन 5 प्वाइंट्स में समझिए भारतीय जनता पार्टी के सभी दावे।
इस घोषणापत्र का सबसे बड़ा वादा महिलाओं की आर्थिक मदद से जुड़ा है। भाजपा ने वादा किया है कि यदि उनकी सरकार बनती है, तो ‘भक्ष्य आरोग्य सुरक्षा कार्ड’ योजना लागू की जाएगी। इसके तहत राज्य की जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सहायता दी जाएगी।
यह कदम उन महिलाओं के लिए बेहतर साबित हो सकता है जो अपनी दवाइयों और घर की छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहती हैं। इसके साथ ही, सामाजिक सुरक्षा पेंशन को भी बढ़ाकर 3000 रुपये करने का संकल्प लिया गया है, जो बुजुर्गों के जीवन में स्थिरता लाएगा। यह बदलाव सीधे तौर पर महिला मतदाताओं को केंद्र में रखकर किया गया है, जिनकी संख्या राज्य में पुरुषों से अधिक है।
महंगाई के इस दौर में मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों के लिए रसोई चलाना एक बड़ी चुनौती बन गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणापत्र में साल में दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का वादा किया है। ये सिलेंडर साल के दो सबसे बड़े त्यौहारों, ओणम और क्रिसमस के मौके पर दिए जाएंगे, ताकि हर घर में त्यौहार की खुशी बिना किसी आर्थिक बोझ के मनाई जा सके।
इसके अलावा, हर घर को हर महीने 20,000 लीटर मुफ्त पीने का पानी देने का वादा भी किया गया है। एक आम शहरी निवासी के लिए मुफ्त पानी और मुफ्त गैस सिलेंडर की यह घोषणा किसी बड़ी राहत से कम नहीं है, जो मासिक खर्चों को काफी हद तक कम कर सकती है।
बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सुविधाओं के मोर्चे पर भी भाजपा ने बहुत ऊंचे लक्ष्य रखे हैं। राज्य के लोगों को बेहतर इलाज के लिए बाहर न भटकना पड़े, इसके लिए केरलम में एक एम्स स्थापित करने का वादा किया गया है। सफर को रफ्तार देने के लिए तिरुवनंतपुरम से कन्नूर तक एक हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की भी योजना पेश की गई है।
इतना ही नहीं, तिरुवनंतपुरम और कोझिकोड जैसे शहरों में मेट्रो रेल परियोजनाओं को शुरू करने की बात कही गई है। ये परियोजनाएं न केवल आवाजाही को आसान बनाएंगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के हजारों नए अवसर भी पैदा करेंगी।
यह भी पढ़ें: बंगाल चुनाव से पहले असनसोल में दंगे कराने की साजिश, दिनदहाड़े तोड़े गए 200 साल पुराने मंदिर; भड़क उठे लोग
राजनीति से परे, भाजपा ने केरलम की गहरी धार्मिक जड़ों को भी अपने संकल्प पत्र में जगह दी है। सबरीमला और गुरुवायूर जैसे पवित्र स्थलों के प्रबंधन में सुधार के लिए देवस्वम बोर्डों के पुनर्गठन का वादा किया गया है। साथ ही, सबरीमला सोने की तस्करी जैसे मामलों की सीबीआई जांच कराने का भी संकल्प लिया गया है ताकि शासन में पारदर्शिता बनी रहे। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने स्पष्ट किया कि एलडीएफ और यूडीएफ के बीच चल रही ‘गेम फिक्सिंग’ की राजनीति को अब जनता खत्म करना चाहती है।