'नेहरू से बहुत आगे निकले PM मोदी', चंद्रकांत पाटिल ने शरद पवार की गुगली का दिया करारा जवाब

PM Modi Vs Jawaharlal Nehru: बीजेपी नेता चंद्रकांत पाटिल का बड़ा बयान; कहा- देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से बहुत आगे हैं नरेंद्र मोदी, दोनों नेताओं के बीच किसी भी तरह की तुलना संभव नहीं।
Chandrakant Patil On Sharad Pawar
मंत्री चंद्रकांत पाटिल व शरद पवार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chandrakant Patil On Sharad Pawar: भारतीय राजनीति में प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल के रिकॉर्ड को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद्रचंद पवार) प्रमुख शरद पवार के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकप्रियता और वैश्विक प्रभाव में पंडित नेहरू से काफी आगे निकल चुके हैं।

सियासी घमासान: नेहरू बनाम मोदी की तुलना पर छिड़ी बहस

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कोल्हापुर में मीडिया से बात करते हुए शरद पवार की 'गुगली' राजनीति पर तीखा तंज कसा। पाटिल ने कहा कि शरद पवार अक्सर ऐसी बातें करते हैं जिसका असल मतलब कुछ और होता है। इस बार भी पवार का आशय यही था कि मोदी की तुलना नेहरू से नहीं की जा सकती क्योंकि मोदी अपनी कार्यशैली के दम पर अद्वितीय बन चुके हैं। हाल ही में शरद पवार ने कहा था कि महाराष्ट्र के एक मंत्री की टिप्पणी उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आई। आजकल नेहरू और मोदी की तुलना की जा रही है। क्या सच में नेहरू से तुलना की जा सकती है? वे कई सालों तक प्रधानमंत्री रहे। देश को अंग्रेजों के अत्याचार से आजाद कराने में नेहरू की भूमिका को हम भूल नहीं सकते। शरद पवार ने ऐसी तुलना करने वालों को फटकार लगाई और कहा कि नेहरू अद्वितीय थे और उनकी तुलना किसी और से नहीं की जा सकती। जब इस बारे में पूछा गया, तो मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने अपनी प्रतिक्रिया दी।

'आजादी से पहले और बाद का संघर्ष अलग'

शरद पवार के इसी रुख पर जवाब देते हुए चंद्रकांत पाटिल ने दोनों नेताओं के दौर और संघर्ष के अंतर को रेखांकित किया। पाटिल ने कहा नेहरू का जन्म आजादी से पहले हुआ था और पीएम मोदी का जन्म स्वतंत्र भारत में हुआ, इसमें कोई कुछ नहीं बदल सकता। लेकिन नरेंद्र मोदी ने इमरजेंसी के दौरान जो जमीनी संघर्ष किया, उसे भुलाया नहीं जा सकता। पहले का नारा देश के लिए मरने का था, आज का नारा देश के लिए सही ढंग से जीने और काम करने का है। मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि पीएम मोदी ने वैश्विक पटल पर भारत का जो मान बढ़ाया है, उसने पुराने सारे कीर्तिमानों को पीछे छोड़ दिया है।

पीएम मोदी ने तोड़ा नेहरू का रिकॉर्ड

बता दें कि यह पूरा विवाद PM नरेंद्र मोदी के एक रिकॉर्ड को लेकर है। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 13 मई 1952 को पहली बार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी और वे लगातार 4,397 दिनों तक इस पद पर रहे। पीएम मोदी ने इस रिकॉर्ड को पार कर लिया है। इसके अतिरिक्त, अगर 2001 से 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री और उसके बाद से अब तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनके कुल कार्यकाल को देखा जाए, तो नरेंद्र मोदी लोकतांत्रिक सरकारों के प्रमुख के रूप में 9,000 से अधिक दिन पूरे कर चुके हैं। यही कारण है कि अब इस कार्यकाल के आंकड़ों को लेकर देश की राजनीति में एक नई बहस छिड़ गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com