दिल्ली से मुंबई का सफर सिर्फ 12 घंटे में होगा पूरा, गडकरी ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दिया अपडेट
Delhi Mumbai Expressway: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होगा। यह राजधानी दिल्ली को आर्थिक राजधानी मुंबई से जोड़ेगा। इसका निर्माण पूरा नहीं हुआ है।
- Written By: रंजन कुमार
निर्माणाधीन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे। इमेज-सोशल मीडिया
Delhi Mumbai Expressway Update: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का काम कब पूरा होगा? यह प्रश्न हजारों लोगों के मन में है। खासकर दिल्ली और मुंबई, जयपुर, गुरुग्राम, सोहना, कोटा, रतलाम, वडोदरा और सूरत जैसे शहरों के लोगों का। वैसे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के कई हिस्से जनता के लिए खुल चुके हैं। इसमें गुरुग्राम से दौसा तक का सेक्शन शामिल है। 28 नवंबर को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सूरत में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस महत्वकांक्षी परियोजना को जल्द पूरा करने की भरसक कोशिश हो रही है।
जब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा तो 1350 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे दिल्ली को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से जोड़ देगा। दोनों महानगरों के बीच की दूरियां काफी कम हो जाएंगी। अभी दोनों शहरों के बीच सड़क से सफर करने में 24 घंटे का समय लगता है, जो दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे बनने के बाद केवल 12 घंटे का रह जाएगा।
छोटी-मोटी कमियों को भी ठीक करने की कोशिश
नितिन गडकरी ने सूरत में इस एक्सप्रेसवे के निर्माणाधीन हिस्से का जायजा लिया। इस दौरान गडकरी ने कहा कि हम इस परियोजना के रास्ते में आने वाली सभी समस्याओं को दूर करते हुए इसे जल्द पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। सड़क अच्छी बनी है। हम बेस्ट टेक्नोलॉजी अपनाकर छोटी-मोटी कमियों को भी ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
UP: सीएम योगी ने की विकास परियोजनाओं की समीक्षा, एक्सप्रेसवे और नाइट सफारी पर दिया बड़ा अपडेट
Bhogapuram Airport: 1 अगस्त को पीएम मोदी करेंगे भोगापुरम एयरपोर्ट का उद्घाटन, जानें इसकी खास बातें
‘सरकार ब्रिटिश राज जैसी हो गई’… आदित्य ठाकरे का मोदी सरकार पर बड़ा हमला-VIDEO
आज हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी, 26,800 करोड़ की परियोजनाओं को दिखाएंगें हरी झंडी
लॉजिस्टिक कॉस्ट घटेगी
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस 8 लेन के एक्सप्रेसवे की क्वालिटी की जांच की गई है। यह वाहन चालकों के लिए सुविधाजनक और आरामदायक है। इस सड़क को ग्रीन कवर देने के लिए हाईवे के दोनों ओर पेड़ लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मेरा सपना है कि मैं भविष्य में इस रोड पर इलेक्ट्रिक ट्रक और बसों को दौड़ते देखूं। लॉजिस्टिक कॉस्ट को कम करने के लिए हमने इस एक्सप्रेसवे पर विश्व की सबसे अच्छी तकनीक का इस्तेमाल किया है।
उत्तर प्रदेश और राजस्थान को भी जोड़ेगा
गडकरी ने यह भी कहा कि मुझे विश्वास है कि एक बार इस सड़क का निर्माण पूरा हो जाएगा तो पर्यटकों और आम लोगों का सफर ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 2019 में इस एक्सप्रेसवे की नींव रखी गई थी। यह उत्तर प्रदेश और राजस्थान को भी जोड़ेगा, ताकि जो लोग इन राज्यों से सीधे दिल्ली या मुंबई जाना चाहते हैं, उन्हें भी सुविधा मिले।
यह भी पढ़ें: 6 साल बाद बड़ा फैसला! नितिन गडकरी के खिलाफ दायर याचिका हाई कोर्ट ने की खारिज, जानें पूरा मामला
गडकरी ने सभी को कहा धन्यवाद
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह सड़क देश के इतिहास में खास है। दुनिया भर में इतनी लंबी और इतनी चौड़ी सड़कें कम ही हैं। हमारे इंजीनियरों, ठेकेदारों और राज्य सरकारों का धन्यवाद, जिनके कारण यह प्रोजेक्ट पूरा होने के करीब पहुंचा है। सूरत के बाद गडकरी ने दक्षिण गुजरात के वलसाड जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की प्रोग्रेस देखी। बता दें, देश का सबसे लंबा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे कई राज्यों (हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र) के बड़े आर्थिक केंद्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मुहैया कराएगा।
