

Delhi Gangrape Case: राष्ट्रीय महिला आयोग ने आउटर नॉर्थ दिल्ली में 16 साल की लड़की के साथ कथित गैंगरेप और हत्या के मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। NCW की चेयरपर्सन विजया रहाटकर ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर मामले की तय समय-सीमा में जांच, दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई और फोरेंसिक सबूतों को सुरक्षित रखने की मांग की है। आयोग ने 7 दिनों के भीतर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। इस हफ्ते की शुरुआत में दिल्ली पुलिस को राजधानी के स्वरूप नगर इलाके में बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में एक नाबालिग लड़की शव मिला था।
16 साल की एक लड़की के साथ चार किशोरों के एक ग्रुप ने गैंगरेप किया और उसकी हत्या कर दी। उसका शव बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर के एक खेत में पड़ा मिला। शव की पहचान करना इसलिए मुश्किल था क्योंकि शरीर की हड्डियां दिख रही थीं और एक हाथ गायब था। जांच अधिकारी के अनुसार, उस किशोरी के साथ 11 सितंबर को रेप और हत्या की घटना हुई थी। उसका शव दो दिन बाद मिला और पुलिस को 13 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे इसकी सूचना मिली।
जांच अधिकारी के मुताबिक, कीचड़ से सनी लाश पर नीले रंग की जींस मिली, जिसके ऊपर बैंगनी रंग के कपड़े के टुकड़े थे। अधिकारी ने बताया कि सड़ने-गलने की वजह से पेट खराब हो गया था और चेहरा पहचाने लायक नहीं था। लाश को ऐसी जगह फेंका गया था जहां जानवरों ने उस पर हमला किया था। शरीर पर चाकू के छह घाव होने की वजह से, शुरुआती जांच में जांचकर्ताओं को लगा कि प्राइवेट पार्ट्स काट दिए गए थे। बाद में मेडिकल रिपोर्ट से रेप की पुष्टि हुई।
शुरुआती जांच के दौरान, पुलिस को लगा कि शव किसी पुरुष का है। जब एक अधिकारी ने मुर्दाघर में शव को करीब से देखने का फैसला किया, तब जाकर असलियत साफ हुई। अधिकारी ने बताया कि एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को बाएं हाथ पर एक लाइन में तीन स्टार वाला टैटू मिला। यह केस का पहला अहम मोड़ था, क्योंकि इससे हमें यह सोचने पर मजबूर होना पड़ा कि शव किसी महिला का भी हो सकता है। बाद में, पुलिस त्रिनगर में लड़की के परिवार से मिलने गई, जहां उसके जीजा ने उसकी कुछ तस्वीरें दिखाईं; उनमें से एक तस्वीर में टैटू भी दिख रहा था।
कई दिनों की लंबी जांच-पड़ताल के बाद ही पुलिस लड़की के परिवार तक पहुंच पाई। किसी के लापता होने की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी, जिससे मामला और भी उलझ गया। पुलिस ने दो दिनों तक CCTV फुटेज खंगाले, जिसके बाद उन्हें एक ऐसा फुटेज मिला जिसमें एक गाड़ी को उस जगह पर पहुंचते हुए देखा गया। क्लिप में दिख रही चीजों और टेम्पो के बाईं ओर बने डिजाइन से पुलिस को यह साफ हो गया कि इस अपराध में चार लोग शामिल थे।
पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से टेम्पो ड्राइवर के पहुंचा उसने बताया कि 10-11 तारीख की रात चार लड़के उसे ले गए थे। उनमें से तीन नाबालिग हैं और एक बालिग है. जिसकी पहचान स्वरूप नगर निवासी 21 साल के सुदामा के तौर पर हुई है। आरोपी एक नाबालिग लड़की को खेत में ले गए, नशे की हालत में उसके साथ रेप किया, उसकी हत्या कर दी और लाश को फेंक दिया। हमने इस मामले में बालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और तीनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है।