

Delhi Police Minor Gangrape Murder: दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आया है। सामूहिक दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन नाबलिगों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो चाकू और वारदात के समय पहने गए कपड़े और टेंपो बरामद कर लिया है। पहले तो पुलिस के लिए शव की पहचान करना मुश्किल था कि महिला है या पुरुष। लेकिन बाद में पता चला कि मृतक एक 16 साल की नाबालिग महिला थी।
पुलिस को 13 सितंबर की सुबह कुशक रोड स्थित लाल बाउंड्री के पास जयपाल राणा के खेत के पास एक खुले मैदान में शव मिला था। यह शव क्षत-विक्षत हालत में था, जिसे जानवरों ने नोंच खाया था। फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद इस बात की पुष्टि की कि मृतक एक नाबालिग महिला है।
दिल्ली पुलिस ने स्वरूप नगर में 16 साल की नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में बयान जारी किया। आउटर नॉर्थ दिल्ली के एडिशनल DCP लोकेश्वरन ने कहा, "हमें एक सड़ी-गली लाश मिलने की सूचना मिली थी। हम तुरंत मौके पर पहुंचे। लाश की पहचान नहीं हो पा रही थी, जिससे हम यह भी पक्का नहीं कर पा रहे थे कि वह पुरुष है या महिला। जिले या आस-पास के इलाकों में किसी के लापता होने की कोई शिकायत नहीं थी और उस जगह पर कोई CCTV भी नहीं था।"
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान, दूर का CCTV कैमरा मिला जो उस खेत को कवर कर रहा था। 10-11 तारीख की रात की फुटेज देखने पर, हमने एक कार और उसके पीछे बिना नंबर प्लेट वाला एक टेम्पो देखा। टेम्पो के बाईं ओर एक खास निशान बना था।
उसी आधार पर हमने तलाशी शुरू की और इलाके में वैसा ही एक टेम्पो ढूंढ निकाला। टेम्पो ड्राइवर ने बताया कि 10-11 तारीख की रात चार लड़कों ने उसे बुलाया था। उनमें से तीन नाबालिग हैं और एक बालिग है, जिसकी पहचान स्वरूप नगर के रहने वाले 21 साल के सुदामा के तौर पर हुई है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी एक नाबालिग लड़की को खेत में ले गए, नशे की हालत में उसके साथ रेप किया, उसकी हत्या कर दी और लाश फेंक दी। हमने इस मामले में बालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और तीन नाबालिगों को भी पकड़ लिया है।