(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
नई दिल्ली : पश्चिमी दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में आज रविवार तड़के उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब यहां एक फर्नीचर गोदाम में भीषण आग लग गई। इस घटना में दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के वक्त दोनों लोग गोदाम की छत पर बने एक कमरे में सो रहे थे। इस कारण से उन्हें आग लगने का पता नहीं चला। दोनों को अस्पताल भी ले जाया गया लेकिन तब तक वे दम तोड़ चुके थे।
घटना को लेकर दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार तड़के चार बजकर 25 मिनट पर कीर्ति नगर इलाके के एक फर्नीचर गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना के तुरंत बाद दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। इस दौरान घटनास्थल से दो लोगों को घायल अवस्था में निकाला गया और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे को लेकर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आग इमारत की छत से लगी। आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने गोदाम परिसर की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान गोदाम के छत पर एक कमरा अंदर से बंद मिला। पुलिस की टीम ने जब दरवाजा तोड़ा तो देखा कि अंदर दो लोग थे। दोनों को बेसुध हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें-दिल्ली की हवा में घुला जहर, AQI 500 पार, सांस लेना भी मुश्किल
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान 45 वर्षीय श्रमिक अतुल राय और 65 वर्षीय रिक्शा चालक नंद किशोर के रूप में हुई है। अतुल गोदाम में काम करता था और वहीं सोता था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों की मौत दम घुटने से हुई प्रतीत होती है। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। इसकी रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। फिलहाल घटना के बारे में मरने वाले लोगों के परिजनों के सूचना दे दी गई है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)