India UK FTA: 15 जुलाई से लागू होगा भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता, पीयूष गोयल ने किया बड़ा ऐलान
Piyush Goyal India UK FTA Latest News: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बड़ा ऐलान किया है कि भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता 15 जुलाई से लागू होने जा रहा है, जिससे निर्यात को बढ़ावा मिलेगा।
- Written By: करुणा नंद शाहवाल
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (सोर्स- सोसल मीडिया)
Piyush Goyal On India UK FTA : केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत की व्यापारिक उपलब्धियों को गिनाते हुए बड़ा ऐलान किया कि भारत-यूनाइटेड किंगडम (यूके) मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) 15 जुलाई से लागू होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में 9 ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं, जिनके जरिए 38 विकसित देशों के बाजार भारतीय उत्पादों के लिए खुले हैं।
इससे निर्यात को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ किसानों, उद्यमियों, मछुआरों और महिला कारोबारियों के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। गोयल ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत ने आर्थिक मजबूती दिखाई है और आज देश आत्मनिर्भरता के साथ वैश्विक व्यापार में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत-ब्रिटेन एफटीए आने वाले समय में भारतीय अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।
9 व्यापार समझौतों की उपलब्धियां गिनाईं
मंत्री पीयूष गोयल कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने 9 ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिनके माध्यम से 38 विकसित देशों के बाजारों तक पहुंच मिली है। “उन्होंने कहा कि इससे भारतीय उत्पादों के लिए नए वैश्विक बाजार खुले हैं, रोजगार के अवसर बढ़े हैं और खास तौर पर भारतीय उद्यमियों, किसानों, मछुआरों और महिला कारोबारियों के लिए व्यापार के नए रास्ते बने हैं।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई में पीयूष गोयल ने कहा- आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ा रहा हमारा देश, गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां
PM Modi Gifts Thekua: छठ महापर्व का महाप्रसाद पहुंचा यूरोप, पीएम मोदी ने स्लोवाकिया में बढ़ाया बिहार का गौरव
PM Modi Odisha Visit: PM मोदी 20 जून को जाएंगे ओडिशा, देंगे ₹47,600 करोड़ से अधिक की सौगात
PM Modi के ड्रीम प्रोजेक्ट पर आयी नई अपडेट, पर्वत व पानी के अंदर गुजरने वाली सुरंगों का काम तेज
15 जुलाई से लागू होगा भारत-ब्रिटेन एफटीए
गोयल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की हालिया फ्रांस यात्रा के दौरान हुई द्विपक्षीय वार्ताएं और 15 जुलाई से लागू होने वाला भारत-ब्रिटेन एफटीए भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए निकट भविष्य में बड़े सकारात्मक परिणाम लेकर आएगा।
33 देशों का मिला सर्वोच्च सम्मान
प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक लोकप्रियता का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दुनिया के 33 देशों ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। इनमें कई विकसित देश और ऐसे राष्ट्र भी शामिल हैं जिनके साथ भारत के पहले बहुत करीबी कूटनीतिक संबंध नहीं रहे थे।
देश के भीतर किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए गोयल ने कहा कि सरकार की मूल सोच बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की रही है, जिसमें डिजिटल तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मोदी सरकार ने गिनाईं व्यापारिक उपलब्धियां
उन्होंने सामाजिक सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हासिल की गई कई बड़ी उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जन धन योजना के तहत 55 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें से 32 करोड़ से अधिक खाते महिलाओं के नाम पर हैं। कोविड-19 महामारी शुरू होने के बाद से 81 करोड़ से अधिक लोगों को लगातार मुफ्त राशन दिया जा रहा है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक हेल्थ कार्ड जारी किए गए हैं, जिससे जरूरतमंद लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा है। वहीं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक लोगों को सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है।”
स्वच्छता के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव
गोयल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ महिलाओं को धुएं से राहत मिली है और स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाया गया है।
ये भी पढ़ें- 6 रुपये के कैरी बैग पर कंपनी को लगा 10 हजार का जुर्माना! कोर्ट ने ग्राहक के हक में सुनाया बड़ा फैसला
2047 में विकसित भारत बनाने का लक्ष्य
अपने संबोधन के अंत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक लक्ष्य है और यही केंद्र सरकार के लिए मार्गदर्शक मिशन बना हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा को काफी मजबूत किया गया है। आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की गई है और पूर्व में माओवादी प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने में भी सफलता हासिल की गई है।
