

Shalimar Bagh Delhi Police Flag March: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग में लगभग 150 मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई चल रही है। राजस्व विभाग द्वारा दिए गए नोटिस की समयावधि शनिवार रात को समाप्त हो गई। इसके बाद यहां प्रशासन द्वारा कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया। कार्रवाई के मद्देनजर इलाके में भारी संख्या में पुलिस और अर्ध सैनिक बल तैनात किया गया है।
प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ इन मकान मालिकों ने दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक का भी दरवाजा खटखटाया, लेकिन राहत नहीं मिली। प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई सड़क चौड़ी करने के लिए की जा रही है। शालीमार बाग में मैक्स हॉस्पिटल रोड तक करीब 150 घर इसकी जद में आ रहे हैं। ये मकान काफी पुराने और बहुमंजिला मकान हैं। डिमोलिशन कार्रवाई के बाद आउटर रिंग रोड से आजादपुर मंडी की ओर जाने वाली सड़क को संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर से आजादपुर मंडी तक जोड़ा जाएगा।
कार्रवाई के मद्देनजर प्रशासन ने शालीमार गांव चौक, हैदरपुर, दिल्ली पुलिस कम्युनिकेशन मुख्यालय, साहब सिंह द्वार, आजादपुर मंडी अंडरपास, मैक्स रोड के आस-पास के सभी रास्ते बंद कर दिए हैं। यह रविवार सुबह चार बजे से लेकर देर शाम आठ बजे तक बंद रहेगा। राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सभी वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने के लिए एडवाइजरी जारी की है।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने एक्स पर पोस्ट जारी कर शालीमार बाग क्षेत्र के निवासियों से शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। पोस्ट में उन्होंने लिखा, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश और मौजूदा हालात को देखते हुए, क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सांप्रदायिक सद्भाव सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा एक व्यापक 'फ्लैग मार्च' आयोजित किया गया है।
सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से फैलाए जा रहे किसी भी भड़काऊ भाषण, अफ़वाह, गुमराह करने वाले संदेश या बिना पुष्टि वाली जानकारी पर ध्यान न देने की भी अपील की है। पोस्ट में कहा गया है कि कृपया अफवाहें न फैलाएं और न ही ऐसी कोई सामग्री फॉरवर्ड करें, जिससे सार्वजनिक शांति और सामाजिक सद्भाव भंग हो सकता हो।
हम सभी से आग्रह करते हैं कि वे पुलिस और प्रशासन के साथ सहयोग करें, शांत रहें और कानून के शासन का सम्मान करते हुए शांति बनाए रखें।
कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। ड्रोन से पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है। पूरे इलाके को सील करने के लिए जिले के सभी थानों से बेरिकेड्स मंगाए गए हैं। प्रशासन की कार्रवाई के एक दिन पहले ही लोगों द्वारा मकान खाली करके सामान ले जाने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग स्वयं ही अवैध निर्माण तोड़ते नजर आए।