

Abhishek Banerjee Attacked Update: TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को सोनारपुर में हुए हमले के बाद देशभर से प्रतिक्रिया आई। कोलकाता में भी जमकर सियासी ड्रामा हुआ। गर्दन, पीठ और कमर में दर्द की शिकायत पर अभिषेक बनर्जी को सबसे पहले ईस्टर्न मेट्रोपॉलिटन बाइपास के पास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया था।
वहां पहुंचीं टीएमसी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि अस्पताल उनके भतीजे का उचित इलाज नहीं कर रहा है। इसके बाद उन्हें मध्य कोलकाता के मिंटो पार्क स्थित एक अन्य निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां उन्हें जांच के लिए आईटीयू (इंटेंसिव ट्रीटमेंट यूनिट) में रखा गया।
कोलकाता के बेले व्यू अस्पताल में जांच के बाद अस्पताल की तरफ से बयान जारी किया गया। अस्पताल द्वारा जारी मेडिकल प्रमाणपत्र में कहा गया उन्हें सीने पर मामूली खरोंचों के अलावा कोई गंभीर चोट नहीं लगी है, वे होश में और स्थिर थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं है। डॉक्टरों ने डिस्चार्ज से पहले उन्हें एहतियाती दवाएं दी हैं।
जानकारी के सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद ममता बनर्जी नाराज हो गईं। अस्पताल से निकलते समय उन्होंने आरोप लगाया कि ईस्टर्न मेट्रोपॉलिटन बाइपास और मिंटो पार्क दोनों अस्पतालों ने राज्य प्रशासन के दबाव में अभिषेक बनर्जी को भर्ती करने और उचित इलाज देने से इनकार कर दिया।
ममता बनर्जी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मिंटो पार्क अस्पताल पर कोलकाता पुलिस के एक डिप्टी कमिश्नर का दबाव था कि अभिषेक को भर्ती न किया जाए। पहले चुनाव धांधली और गुंडागर्दी के जरिए जीते गए, फिर अभिषेक पर हमला कराया गया और अब इलाज भी नहीं होने दिया जा रहा है।
TMC नेता ने यह भी दावा किया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उन्हें फोन कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। ममता के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो पश्चिम बंगाल के बाहर किसी भी अस्पताल में अभिषेक बनर्जी के इलाज की व्यवस्था कराने में मदद की जाएगी।
इसके बाद ममता, अभिषेक बनर्जी को साथ लेकर अस्पताल से रवाना हो गईं। इसके बाद अभिषेक बनर्जी दक्षिण कोलकाता के कालीघाट रोड स्थित अपने आवास पहुंचे, जो ममता बनर्जी के आवास के निकट ही है।