

Delhi Bus Accident: राजधानी दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में बुधवार रात एक तेज रफ्तार बस ने टैक्सी और तीन मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, बस उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही थी और नंद नगरी फ्लाईओवर से होते हुए भोपुरा बॉर्डर से खजूरी की तरफ जा रही थी। फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय बस का संतुलन बिगड़ गया और उसने रेड लाइट पर खड़ी एक टैक्सी और तीन मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी बस आगे बढ़ती रही और एक बाइक सवार को अपने नीचे घसीटते हुए ले गई।
हादसे की सूचना बुधवार रात करीब 9:30 बजे पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि बस पहले टैक्सी से और फिर मोटरसाइकिलों से टकराई थी। सभी घायलों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति के मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान 27 वर्षीय विनीत के रूप में की है, जबकि रोहित और सूरज नाम के युवकों का इलाज जारी है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि दो मोटरसाइकिलें बस के नीचे फंस गई थीं और मृतक विनीत भी बस के नीचे ही मिला था।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। शुरुआती जांच में बस के तेज रफ्तार होने की बात सामने आई है। घटना के कारण नंद नगरी से हर्ष विहार के बीच करीब तीन किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
घटना के बाद के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। सामने आए सामने आए एक वीडियो में बस का आगे का शीशा टूटा हुआ दिखाई दे रहा है। साथ ही बस के टायरों में एक मोटरसाइकिल फंसी हुई और घटनास्थल पर खून के धब्बे भी नजर आ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है साथ की बस के ड्राइवर का पता लगाने की कोशिश भी कर रही है।