

Delhi Police Arrest Lavkesh Bajaj: दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड के मामले में, पुलिस ने रेस्टोरेंट के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ के लिए उसे मालवीय नगर थाने ले आई है। लवकेश बजाज ने पुलिस को बताया कि उसके पास रेस्टारेंट को संभालने या उसकी देखरेख करने का समय नहीं था।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी लवकेश बजाज ने दिल्ली पुलिस से पूछताछ के दौरान बताया कि उसके पास खुद जाकर उस जगह को संभालने या उसकी देखरेख करने का समय नहीं था। लवकेश बजाज ने दावा किया कि उसने इस जगह के रोजमर्रा के कामकाज की जिम्मेदारी किसी दूसरे व्यक्ति को सौंप दी थी, जो बिलिंग, हिसाब-किताब और पूरी व्यवस्था को संभाल रहा था।
कमरों में किए गए बदलाव के बारे में पूछने पर उसने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को यह भी बताया कि इमारत में बदलाव, जिसमें कमरों का आकार बढ़ाना और कुछ फेरबदल करना शामिल था, किसी दूसरे व्यक्ति ने सुझाए थे। उस व्यक्ति ने उसे भरोसा दिलाया था कि इस तरह के इंतजाम "आम बात" हैं और "दिल्ली में सब कुछ चलता है।"
पूछताछ के दौरान, लवकेश बजाज ने यह भी माना कि उस जगह के पास फायर NOC (अनापत्ति प्रमाण पत्र) नहीं था। आरोपी को गुरुवार को अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। दिल्ली पुलिस उससे आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की मांग कर सकती है, ताकि उसके दावों की सच्चाई जांची जा सके और इसमें शामिल अन्य लोगों व संबंधित व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाया जा सके। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
दिल्ली सरकार ने संयुक्त समिति गठित की गई है। दिल्ली में 18 संपत्तियों को चिन्हित किया जा चुका है, जहां आज से कई इलाकों में सीलिंग शुरू होगी।
आपको जानकारी दें, कि बुधवार (3, जून) की सुबह करीब 8.50 बजे दिल्ली के मालवीय नगर में एक होटल के बेसमेंट में संचालित लेमन ग्रीन रेस्टॉरेंट में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई। मालवीय नगर होटल अग्निकांड में राहत और बचाव दल ने 47 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना के बाद दिल्ली प्रशासन नींद से जागा और आसपास के सभी होटलों पर निशाना साधा।
अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में लाइबेरिया, नाइजीरिया, मोजाम्बिक और बांग्लादेश के नागरिक भी शामिल हैं। दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा और आपदा प्रबंधन टीमों ने कई घंटों तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया, जो दोपहर के आसपास पूरा हुआ।