मालवीय नगर अग्निकांड मामले में होटल के मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज

Malviya Nagar Hotel Fire Accident: दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड मामले में पुलिस ने होटल के सह-मालिक मालिक लवकेश बजाज हिरासत में ले लिया है। बचाव कार्य में जुटे 10 पुलिसकर्मी भी झुलस गए थे।
Hotel owner Lavkesh Bajaj arrested in the Malviya Nagar fire incident case; case registered under multiple sections, including culpable homicide.
दिल्ली को मालवीय नगर में अग्निकांड (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Hotel Owner Lavkesh Bajaj Detained: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक लवकेश बजाज को हिरासत में ले लिया है। इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जांच एजेंसियां होटल में अग्नि सुरक्षा और लाइसेंस संबंधी नियमों के संभावित उल्लंघनों की पड़ताल कर रही हैं।

दिल्ली AIIMS ने साझा की जानकारी

इस बीच, एम्स दिल्ली ने हादसे में घायल लोगों को लेकर जानकारी साझा की है। एम्स ट्रॉमा सेंटर में कुल 13 लोगों को लाया गया था। इनमें तीन लोग ऐसे थे जिन्होंने आग से बचने के लिए होटल की ऊंचाई से छलांग लगा दी थी। अस्पताल के अनुसार, ऊंचाई से गिरने वाले तीन घायलों में से दो को फ्री कर दिया गया। दोनों की हालत स्थिर बताई गई है। वहीं, गंभीर सिर की चोट से पीड़ित एक महिला का ऑपरेशन किया गया है और उसकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।

घायलों में 10 पुलिसकर्मी शामिल

दिल्ली एम्स ने यह भी बताया कि ट्रॉमा सेंटर में भर्ती 13 घायलों में से 10 दिल्ली पुलिसकर्मी थे, जो बचाव अभियान में शामिल थे। ये पुलिसकर्मी सबसे पहले जलती हुई इमारत में दाखिल हुए थे और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे थे। सभी पुलिसकर्मियों की हालत स्थिर है और उन्हें जल्द छुट्टी दी जा सकती है। अस्पताल को तीन अज्ञात शव भी मिले हैं, जिन्हें आगे की प्रक्रिया के लिए बर्न्स एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग में भेजा गया है।

21 लोगों की गई जान

गौरतलब है कि बुधवार सुबह करीब 8:50 बजे होटल के बेसमेंट में संचालित एक रेस्तरां से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग पूरी बहुमंजिला इमारत में फैल गई। बचाव दलों ने 47 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन 21 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतकों में विदेशी नागरिक भी शामिल

अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में लाइबेरिया, नाइजीरिया, मोजाम्बिक और बांग्लादेश के नागरिक भी शामिल हैं। दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा और आपदा प्रबंधन टीमों ने कई घंटों तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया, जो दोपहर के आसपास पूरा हुआ। अब होटल मालिक की हिरासत के बाद जांच का फोकस इस बात पर है कि क्या होटल में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी और क्या लापरवाही के कारण यह हादसा इतना भयावह रूप ले सका।

एजेंसी इनपुट के साथ...

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com