Delhi Mayor Election: MCD में बीजेपी का दबदबा बरकरार, प्रवेश वाही मेयर और डिप्टी मेयर चुनी गईं मोनिका पंत

Delhi Mayor Election 2026 News: वरिष्ठ भाजपा नेता और पार्षद प्रवेश वाही को दिल्ली के अगले मेयर के तौर पर चुन लिया गया है। प्रवेश वाही ने विपक्ष से कांग्रेस के उम्मीदवार जहीर को बड़े अंतर से मात दी।
Delhi Mayor Election: BJP's Dominance Continues in MCD; Pravesh Wahi Elected Mayor, Monica Pant Chosen as Deputy Mayor.
प्रवेश वाही और मोनिका पंत (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Delhi Mayor Election 2026: दिल्ली में भाजपा का मुख्यमंत्री बनने के बाद एक बार फिर से दिल्ली बीजेपी में खुशी का माहौल है। एक बार फिर से दिल्ली मेयर का पद बीजेपी के खाते में गया। वरिष्ठ भाजपा नेता और पार्षद प्रवेश वाही को दिल्ली के अगले मेयर के तौर पर चुन लिया गया है। मेयर पद के चुनाव में प्रवेश वाही ने विपक्ष से कांग्रेस के उम्मीदवार जहीर को बड़े मार्जिन से हराया है। मेयर पद के इस चुनाव में 165 पार्षदों, विधायकों और सांसदों ने मतदान में भाग लिया था। चुनाव में डाले गए सभी वोट वैध पाए गए। 165 वोटों में से भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वाही को 156 वोट मिले, जबकि विपक्ष से कांग्रेस के प्रत्याशी जहीर को मात्र 9 वोट ही मिले। इस प्रकार बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वाही ने कांग्रेस के जहीर को भारी मतों के अंतर से पराजित किया। दिल्ली मेयर पद का यह चुनाव बीजेपी के लिए राजनीतिक नजरिए से बहुत ही महत्वपूर्ण है।

डिप्टी मेयर पद पर भी कब्जा

महापौर पद के साथ-साथ उपमहापौर पद भी बीजेपी के खाते में गया। उपमहापौर के पद पर भाजपा की मोनिका पंत निर्वाचित हुईं हैं। दिल्ली कांग्रेस ने मेयर पद के चुनावों में मिले मतों को स्वीकार कर लिया, ऐसे में उपमहापौर पद के लिए मतदान नहीं कराया गया।

स्थायी समिति में शामिल

स्थायी समिति के तीन सीटों के लिए होने वाले चुनाव में तीन नामांकन ही दाखिल हुआ है। इसमें एक पार्षद AAP से और दो पार्षद बीजेपी से शामिल हैं। ऐसे में नामांकन करने वाले तीनों सदस्यों का निर्वाचन तय माना जा रहा है। आप दिल्ली का एक सदस्य समिति में शामिल हो सके इसी वजह से पार्टी ने स्थायी समिति की चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने का निर्णय लिया है।

चुनाव शामिल न होना रणनीति

दिल्ली में महापौर और उप-महापौर के चुनाव पर आम आदमी पार्टी ने इस बार बड़ा फैसला लिया है। आप ने MCD में होने वाले मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव का बाहिष्कार किया है। चुनाव के दौरान पार्टी के विधायक, सांसद और पार्षद सदन में मौजूद नहीं थे। बता दें कि स्थायी समिति के तीन सदस्यों के लिए होने वाले चुनाव में आप पार्टी ने सदन में शामिल होने का निर्णय लिया है। दिल्ली मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में शामिल न होना आम आदमी पार्टी की एक रणनीति मानी जा रही है।

पार्टी से मिली जानकारी के मुताबिक AAP पार्टी बीजेपी को राजधानी दिल्ली में एक और मौका देना चाहती है। जिससे कि जनता बीजेपी के कामकाज का भी आकलन कर ले। मेयर चुनाव में शामिल न होने के निर्णय पर बात करते हुए MCD में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने बताया कि चुनाव में शामिल नहीं होने का फैसला पार्टी ने सोच समझकर लिया है। इस दौरान उन्होंने यह जानकारी भी दी कि मेयर चुनाव में कांग्रेस ने आप से कोई समर्थन नहीं मांगा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com