इससे से बढ़ेगी महंगाई और बेरोजगारी बढ़ने वाली है…अरविंद केजरीवाल ने बजट 2026 को बताया जनता विरोधी
Arvind Kejriwal: अरविंद केजरीवाल ने बजट 2026 को दिशाहीन करार दिया। गोवा दौरे के दौरान उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए 2027 विधानसभा चुनाव के लिए जोरदार दावा ठोक दिया।
- Written By: संजय बिष्ट
अरविंद केजरीवाल (फोटो- सोशल मीडिया)
Arvind Kejriwal Reaction Budget 2026: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वित्त वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट पर अपनी गंभीर चिंता व्यक्त की है। गोवा के तीन दिवसीय दौरे पर आए केजरीवाल ने रविवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए बजट को आम जनता के लिए निराशाजनक करार दिया।
बजट से बढ़ेगी महंगाई और बेरोजगारी
अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किया गया बजट देश की दो सबसे बड़ी समस्याओं—महंगाई और बेरोजगारी—से निपटने में पूरी तरह विफल रहा है। उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य से देखें तो यह बजट महंगाई की रफ्तार को बढ़ाएगा। इसमें युवाओं के लिए रोजगार सृजन या बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए कोई प्रभावी उपाय नहीं सुझाए गए हैं।” केजरीवाल के अनुसार, यह बजट केवल आंकड़ों का मायाजाल है जो गरीब और मध्यम वर्ग की जेब पर भारी पड़ेगा।
“गोवा को भूल चुकी है केंद्र सरकार”
गोवा के संदर्भ में बोलते हुए केजरीवाल ने भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बजट दस्तावेजों में गोवा के विकास के लिए कुछ भी विशेष नहीं है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने गोवा को ‘बर्बाद’ कर दिया है और राज्य के लोग मौजूदा समस्याओं पर बोलने से भी डरते हैं। उन्होंने उत्तरी गोवा के अपने दौरे के दौरान प्रसिद्ध श्री शांतादुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
सम्बंधित ख़बरें
‘मेलोडी खाओ, महंगाई भूल जाओ…’, भोपाल में ‘AAP’ का मेलोडी प्रोटेस्ट; पेट्रोल पंपों पर बांटी टॉफी
मोदी सरकार ने राघव चड्ढा को दी बड़ी जिम्मेदारी, राज्यसभा में इस समिति का बनाया अध्यक्ष
सारे कॉकरोच मारे जाएंगे…CJP के खिलाफ उतरी ऑगी जनता पार्टी, अभिजीत दीपके से पूछा- AAP के साथ क्या है कनेक्शन
मुझे गद्दार कहने वालों…उनसे पूछो राज्य सभा सीट कितने में बेची थी, इस्तीफा देने के सवाल पर भड़के हरभजन सिंह
2027 चुनाव और राजनीतिक विकल्प
2027 में होने वाले गोवा विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कांग्रेस और भाजपा के बीच ‘गुपचुप गठबंधन’ का दावा किया। उन्होंने कहा, “गोवा में लोग भाजपा और कांग्रेस के गठजोड़ से तंग आ चुके हैं और एक ईमानदार विकल्प तलाश रहे हैं। कांग्रेस यहाँ भाजपा की सहयोगी इकाई के रूप में काम कर रही है।” उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में ‘आम आदमी पार्टी’ गोवा के लोगों के लिए एक सशक्त और विश्वसनीय विकल्प के रूप में उभरकर सामने आएगी।
ये भी पढ़ें: अंधविश्वास को ‘विज्ञान’ बताना समाज के लिए खतरा, केरल के CM पिनराई विजयन ने प्रतिगामी परंपराओं पर साधा निशाना
केजरीवाल का यह बयान ऐसे समय में आया है जब विपक्ष लगातार बजट में राज्यों की हिस्सेदारी और बेरोजगारी के मुद्दों पर सरकार को घेर रहा है। उनके इस दौरे और बयानों ने गोवा की राजनीतिक सरगर्मी को और बढ़ा दिया है।
