

Manish Sisodia Arvind Kejriwal AAP Meeting: आम आदमी पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी (पीएसी) की 17 सितम्बर, 2026 को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पहली महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस समिति का गठन हाल ही में आप की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में किया गया था। पुनर्गठित के बाद समिति की यह पहली बैठक है।
इस बैठक में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भरद्वाज, पंजाब सीएम भगवंत मान और मंत्री हरपाल सिंह चीमा जैसे नेता शामिल हुए। बैठक में यूपीआई, ब्रिक्स बैठक और SIR के साथ-साथ गोवा, गुजरात के विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा हुई।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, AAP की पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी (PAC) का पुनर्गठन किया गया, जिसमें अरविंद केजरीवाल को कन्वेनर बनाया गया और नए सदस्य शामिल किए गए।
उन्होंने बताया कि इस नई PAC की पहली बैठक में राजस्थान के बारां में मिली अप्रत्याशित जीत और वहां के लोगों द्वारा भाजपा की नीतियों को नकारे जाने पर चर्चा हुई इससे उम्मीद जगी है कि भाजपा का एक मजबूत विकल्प उभर रहा है, जिसकी लोग सक्रिय रूप से तलाश कर रहे हैं।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब के लोग सरकार को वापस लाना चाहते हैं, जबकि गोवा और गुजरात के लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि PAC ने UPI पर भी चर्चा की। देश भर के लोग UPI को लेकर सरकार के फैसले से ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं यह फैसला ट्रंप के दबाव में लिया गया था। इसके कारण अब उन्हें अपना ही पैसा खर्च करने के लिए अतिरिक्त शुल्क देना होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने यह फैसला ट्रंप के दबाव में लिया।
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आप नेता ने कहा कि आज एक और महत्वपूर्ण चर्चा मीडिया रिपोर्ट में हुए उस खुलासे पर हुई कि कैसे भाजपा ने पिछले दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान SIR और फर्जी वोटों का खेल खेला था। हमें देखना होगा कि चुनाव आयोग इस मामले पर क्या संज्ञान लेता है।
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आप नेता ने कहा कि हम पंजाब चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार हैं। लोग भगवंत मान की सरकार के काम से बहुत खुश हैं और उसे सत्ता में वापस लाना चाहते हैं। वे भगवंत मान को फिर से मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।
पंजाब के लोग यह भी जानते हैं कि अगर किसी वजह से भगवंत मान मुख्यमंत्री नहीं रहते हैं तो पुरानी पार्टियां जिन्होंने नशीली दवाओं की समस्या फैलाई, जनता का पैसा लूटा, रोजगार के मामले में बेईमानी की और व्यापारियों को लूटा, वापस आ जाएंगी।