विधवा महिला को कहा डायन, निर्वस्त्र कर ब्लेड से काटा, झारखंड से आई क्रूर वारदात

Jharkhand Crime: झारखंड के हजारीबाग जिले में डायन बताकर एक विधवा महिला के साथ दरिंदगी की शर्मनाक घटना सामने आई है। आरोपियों ने महिला के घर में घुसकर उसे निर्वस्त्र कर उसकी पिटाई की और सिर भी मुंडवाया।
widow woman tagged witch
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Jharkhand Crime:  एक तरफ भारत दिन प्रतिदिन आधुनिकता की सीढ़ियां चढ़ रहा है दूसरी तरफ दूर-दराज के गांवों में आज भी सैकड़ों-हजारों साल पुरानी किवदंतिया, कुरीतियां और अंधविश्वास जैसी समाज को नुकसान पहुंचाने वाली प्रवृत्तियां व्याप्त हैं। झारखंड के हजारबाग जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जो इस बात की तस्दीक करता हुआ दिखाई दे रहा हैं।

दरअसल, झारखंड के हजारीबाग जिले में डायन बताकर एक विधवा महिला के साथ दरिंदगी की शर्मनाक घटना सामने आई है। आरोपियों ने महिला के घर में घुसकर उसे निर्वस्त्र कर पीटा, उसके शरीर के कई हिस्सों को ब्लेड से काटकर खून निकाला और तांत्रिक अनुष्ठान किया।

गया ले जाकर मुंडवाया सिर

इतना ही नहीं इसके बाद उसे जबरन बिहार के गया ले जाकर उसका सिर भी मुंडवा दिया गया। डायन मुक्ति के नाम पर महिला और उसके बेटे से 30 हजार रुपये भी वसूले गए। यह पूरी घटना हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र के जरहिया गांव की है।

पीड़िता ने रविवार रात बरही थाना पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने बताया कि शुक्रवार शाम गांव के सात लोग उसके घर पहुंचे और डायन होने का आरोप लगाते हुए उसे घसीटकर बाहर निकाला। उसके कपड़े उतार दिए गए। फिर उसे पीटा गया और शरीर पर ब्लेड से जख्म कर खून निकाला गया। खून का इस्तेमाल कर तांत्रिक अनुष्ठान किया गया।

इसके बाद आरोपी उसे जबरन घर से उठाकर ले गए। बरही से गया जिले के प्रेतशिला ले जाकर उसका सिर मुंडवा दिया। वहां भी मारपीट की गई। आरोपी बार-बार कहते रहे कि उसे ‘डायन-बिसाही’ से मुक्ति दिलाई जा रही है। इसके नाम पर महिला और उसके बेटे से 30 हजार रुपये भी वसूले गए।

शनिवार रात करीब 10 बजे आरोपी महिला को बरही बाजार में छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह वह अपने घर लौटी। डरी और सहमी महिला ने रविवार रात हिम्मत करके बरही थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com