नोएडा: सीवर टैंक में गिरने से दो श्रमिकों की मौत, आरोपी ठेकेदार गिरफ्तार
Noida news : सेक्टर-115 सीवेज पंपिंग स्टेशन में सीवर टैंक में गिरने से दो मजदूरों की मौत मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने लापरवाही बरतने के मामले में दो ठेकेदार को गिरफ्तार किया है।
- Written By: पूजा सिंह
दो ठेकेदार गिरफ्तार (सौजन्य सोशल मीडिया)
Workers Died In Noida : नोएडा के सेक्टर-115 में एक दर्दनाक हादसे में दो श्रमिकों की मौत हो गई थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपी ठेकेदारों को गिरफ्तार किया गया है। दरअसल शनिवार को नोएडा के सेक्टर-115 स्थित सीवेज पंपिंग स्टेशन में सीवर टैंक में गिरने से दो श्रमिकों की मौत हो गई थी।
थाना सेक्टर-113 के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि जनपद अलीगढ़ के मऊआखेड़ा गांव निवासी बृजेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि शनिवार को उनके भाई खुशाल (24) और ताऊ का बेटा विकास (26) ठेकेदार अजीत और पुष्पेंद्र के कहने पर सेक्टर-115 में सीवर लाइन की सफाई के लिए गए थे। उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद अमित नाम के व्यक्ति का फोन आया कि खुशाल और विकास की सीवर में डूबने से मौत हो गई है। बृजेश का आरोप है कि, ठेकेदारों ने दोनों को कोई सुरक्षा उपकरण नहीं दिया था। ठेकेदार की लापरवाही के कारण दोनों की मौत हुई है।
मृतक के परिजनों को 6-6 लाख का मुआवजा
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी ठेकेदार पुष्पेंद्र कुमार और अजीत को रविवार रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि यह पंपिंग स्टेशन नोएडा प्राधिकरण का है और जल विभाग ने इसका काम ठेकेदार को सौंपा है। वहीं, जल विभाग के महाप्रबंधक आरपी सिंह ने दावा किया कि सुरक्षा उपकरण व मानकों का पालन किया गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि मृतकों के परिजन को छह-छह लाख रुपये का मुआवजा और अंतिम संस्कार के लिए 50-50 हजार रुपये दिए गए हैं। साथ ही एक मृतक की पत्नी को प्राधिकरण में संविदा पर नौकरी देने का भी आश्वासन दिया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
3 दिन तक नशीली कॉफी पिलाई…UPSC Aspirant से लखनऊ में गैंगरेप, शिवम और शनि यादव ने बना के रखा था बंधक!
नासिक में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा: पानी भरी बाल्टी में डूबने से 1 साल की मासूम हिंदवी की दर्दनाक मौत
छत्रपति संभाजीनगर: जालना से इलाज के लिए आई महिला का सिडको बस स्टैंड से अपहरण, ऑटो चालक पर केस दर्ज
यवतमाल: पत्नी से अवैध संबंध के शक में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें : दबंगों ने आर्मी जवान को पीटा…तो खौल उठा गांव वालों का खून, टोल प्लाजा पहुंचकर कर दिया कांड- VIDEO
गर्भवती है मृतक खुशाल की पत्नी
खुशाल और विकास दोनों की शादी हो चुकी है। दोनों रोजी-रोटी की तलाश में नोएडा आए थे। मृतक के भाई बृजेश ने बताया कि खुशाल की दो बेटियां हैं। उसकी पत्नी सात महीने की गर्भवती भी है। इस बीच, नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. लोकेश एम ने कहा कि यह स्पष्ट निर्देश हैं कि बगैर सुरक्षा उपकरण के श्रमिकों से काम न कराया जाए। ऐसे में यह हादसा चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। जल विभाग के महाप्रबंधक से रिपोर्ट मांगी गई है।
