

Tumsar Illegal Sand Mining: तुमसर और मोहाड़ी थाना क्षेत्रों में राजस्व विभाग और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध रेत तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। अलगअलग कार्रवाइयों में रेत से लदे ट्रक और टिपर समेत करीब 81 लाख रुपये का माल जब्त कर आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तुमसर थाना क्षेत्र के मिटेवानी परिसर में राजस्व विभाग की टीम ने ट्रक क्रमांक एमएच36एए2845 को रोककर जांच की। हालांकि ट्रक चालक के पास रेत का परमिट था, लेकिन उसकी समय सीमा काफी पहले खत्म हो चुकी थी।
नियमों के उल्लंघन पर राजस्व विभाग ने 30 लाख रुपये का ट्रक और उसमें लदी 36 हजार रुपये की रेत जब्त कर ली। इस मामले में ट्रक मालिक कैलाश हरुनिशाने और चालक प्रभाकर धोटे के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। मोहाड़ी तहसील के सुकली दे गांव में भी राजस्व विभाग ने सुबह की गश्त के दौरान अवैध रेत परिवहन को नाकाम किया।
मंडल अधिकारी विलास धावले की टीम ने ट्रक क्रमांक एमएच40बीएल1010 को रोका, जिसमें बिना किसी सरकारी अनुमति के 6 ब्रास रेत भरी हुई थी। पुलिस ने ट्रक मालिक प्रशांत आगाशे और चालक श्रेयस गायधने के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और महाराष्ट्र जमीन राजस्व अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में कुल 30 लाख 36 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
रेत तस्करी के खिलाफ तीसरी बड़ी कार्रवाई मोहाड़ी पुलिस ने रोहना परिसर के खेत रास्ते पर की। पुलिस निरीक्षक सुरेंद्र बेलखेड़े की टीम को देखते ही तस्कर जेसीबी मशीन और टिपर लेकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर टिपर क्रमांक एमएच 40 बीएल 1809 को पकड़ा और चालक अमोल तितरमारे व क्लीनर मंगेश बांडेबुचे को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि ये लोग मुख्य आरोपी कमलेश बांडेबुचे के इशारे पर नदी घाट से रेत चोरी कर रहे थे। पुलिस ने 20 लाख का टिपर, रेत और मोबाइल समेत कुल 20.50 लाख का माल जब्त किया है।