

Kanpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक दवा कारोबारी ने अपनी दो मासूम बेटियों की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। त्रिमूर्ति अपार्टमेंट के अपने फ्लैट में उसने इस वारदात को तब अंजाम दिया जब पत्नी और बेटा दूसरे कमरे में सो रहे थे। चौंकाने वाली बात यह है कि पत्नी को इस घटना की भनक तब लगी जब पुलिस ने घर पहुंचकर उन्हें जगाया।
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के किदवई नगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में दवा कारोबारी शशि रंजन मिश्रा अपने परिवार के साथ किराए पर रहते थे। रविवार तड़के उन्होंने अपनी 11 वर्षीय जुड़वा बेटियों, रिद्धि और सिद्धि की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुँची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कानपुर पुलिस की प्राथमिक जांच में इस हत्याकांड के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। इंस्पेक्टर बहादुर सिंह के मुताबिक, यह घटना रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुई। पुलिस ने मौके से एक तेज धारदार हथियार (चॉपर) बरामद किया है, जिसका उपयोग हत्या में किया गया। आरोपी पिता ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है और फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है।
शशि रंजन और उनकी पत्नी रेशमा छेत्री ने करीब 13 साल पहले प्रेम विवाह किया था। वे पिछले आठ साल से इस अपार्टमेंट में किराए पर रह रहे थे। मृतक बच्चियां मदर टेरेसा मिशन हाईस्कूल में कक्षा पांच की छात्राएं थीं।
घटना की जानकारी मिलने पर पत्नी रेशमा पूरी तरह स्तब्ध रह गईं। बदहवासी की स्थिति में उन्होंने अपनी घरेलू सहायिका अमरावती को फोन कर घर बुलाया। डीसीपी साउथ दीपेंद्र चौधरी ने बताया कि आरोपी पिता ने ही बच्चियों की जान ली है। हत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।