पालघर में 2 बदमाशों की सरेआम दबंगई, हथियार के दम पर जौहरी से लूटे 45 लाख रुपये के सोने के जेवर
महाराष्ट्र के पालघर जिले में 2 अज्ञात बदमाशों ने 60 वर्षीय एक जौहरी पर कथित तौर पर हमला किया और रिवॉल्वर के बल पर उससे 45 लाख रुपये के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
- Written By: आंचल लोखंडे
हथियार के दम पर जौहरी से लूटे आभूषण। (सौजन्यः सोशल मीडिया)
पालघर: आज-कल अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। क्योंकि वे बिना पुलिस के खौफ के आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। कुछ ऐसी ही एक लूट की वारदात पालघर से सामने आई है। 2 बदमाशों ने हथियार के दम पर जौहरी को लूट लिया।
महाराष्ट्र के पालघर जिले में 2 अज्ञात बदमाशों ने 60 वर्षीय एक जौहरी पर कथित तौर पर हमला किया और रिवॉल्वर के बल पर उससे 45 लाख रुपये के आभूषण लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे वसई शहर के अग्रवाल इलाके में हुई।
एक नकाबपोश दूसरा हेलमेटधारी
पुलिस उपायुक्त पूर्णिमा श्रृंगी चौगुले ने बताया कि आभूषण की दुकान के बंद होने के समय 2 व्यक्ति वहां पहुंचे। आरोपियों में से एक ने नकाब पहना हुआ था, जबकि दूसरे व्यक्ति ने सिर पर हेलमेट पहना हुआ था। अधिकारी ने बताया कि जौहरी दुकान बंद करने की तैयारी कर रहा था, तभी ये 2 नकाबपोश व्यक्ति दुकान में घुसे और उस पर रिवॉल्वर की नोक पर घटना को अंजाम दिया।
सम्बंधित ख़बरें
600 ग्राम सोना लूटकर फरार
उन्होंने उसे एक ओर धकेल दिया और अंदर रखी आभूषणों की ट्रे निकाली और जौहरी के सिर पर रिवॉल्वर से वार करके मौके से भाग गए। उन्होंने बताया कि आरोपी 45 लाख रुपये मूल्य का 600 ग्राम सोना लूटकर फरार हो गए। अधिकारी ने बताया कि हमले में जौहरी को चोट आई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया है।
महाराष्ट्र से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
मामला दर्ज, जांच जारी
माणिकपूर पुलिस थाने के अधिकारी ने जानकारी दी कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(3) डकैती और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए क्षेत्र के सभी 6 पुलिस थानों को सचेत कर दिया गया है। आगे की जांच की जा रही है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
