Bengaluru Crime: 5.70 करोड़ के ड्रग्स जब्त, 11 तस्कर गिरफ्तार, पुलिस का बड़ा ऑपरेशन
Bengaluru Police: बेंगलुरु पुलिस ने 5.70 करोड़ रुपये के ड्रग्स जब्त कर 11 तस्करों को गिरफ्तार किया। अलग मामले में घरेलू सहायिका को 50 लाख रुपये की चोरी के आरोप में पकड़ा गया।
- Written By: करुणा नंद शाहवाल
बेंगलुरु पुलिस ने एमडीएमए और गांजा जब्त किया (सोर्स-सोशल मीडिया)
Bengaluru Drug Bust: बेंगलुरु पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5.70 करोड़ रुपये कीमत के 35 किग्रा से ज्यादा प्रतिबंधित ड्रग्स जब्त किए हैं। इस ऑपरेशन में 11 कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दूसरे राज्यों के नौ और दो स्थानीय आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो एमडीएमए, 1.767 किलो हाइड्रो गांजा और 32.920 किलो गांजा, 5.90 लाख रुपये नकद, दो आईफोन और एक दोपहिया वाहन भी बरामद किया।
शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी कम कीमत पर ड्रग्स खरीदकर कॉलेज छात्रों और अन्य लोगों को ऊंचे दामों पर बेचते थे। वहीं, एक अलग कार्रवाई में पुलिस ने 18 वर्षों से एक ही घर में काम कर रही घरेलू सहायिका को मालिक के घर से करीब 50 लाख रुपये की चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
बेंगलुरु पुलिस की बड़ी ड्रग्स कार्रवाई
ऑपरेशन प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की बिक्री के बारे में मिली जानकारी के आधार पर विद्यारण्यपुरा, जेबी नगर, देवनहल्ली और हेब्बागोडी पुलिस स्टेशनों के अधिकार क्षेत्र में चलाए गए। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने आसानी से पैसे कमाने के लिए ड्रग्स बेचना शुरू किया था। उन्होंने जांचकर्ताओं को बताया कि वे दूसरे राज्यों के सप्लायर्स से कम कीमत पर नशीले पदार्थ खरीदते थे और उन्हें कॉलेज के छात्रों सहित आम लोगों को बहुत ज्यादा कीमतों पर बेचते थे।
सम्बंधित ख़बरें
2029 तक नशा मुक्त बनेगा तेलंगाना! डीजीपी का बड़ा ऐलान, ड्रग माफियाओं पर होगी निर्णायक कार्रवाई
मणिपुर में उग्रवाद विरोधी अभियान तेज: 24 घंटों में 10 गिरफ्तार, इंसास राइफल और 239 किलो गांजा जब्त
एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, देर रात ड्रग सप्लाई करने आए थे आरोपी
मुंबई में नकली और करोड़ों की अवैध दवा कारोबार पर FDA का एक्शन, 9 FIR दर्ज, जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं चलेगी
11 आरोपी गिरफ्तार, कई दूसरे राज्यों के
पुलिस ने कहा कि उन अज्ञात सप्लायर्स का पता लगाने और पकड़ने की कोशिशें जारी हैं, जिन्होंने आरोपियों को नशीले पदार्थ उपलब्ध कराए थे। मामले की जांच हर संभव पहलू से की जा रही है। वहीं, सभी 11 आरोपियों को संबंधित अदालतों में पेश किया गया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस बयान के अनुसार, ऑपरेशन्स का नेतृत्व डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (नॉर्थ ईस्ट) जीके. मिथुन कुमार, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (ईस्ट) विक्रम अम्टे और डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी) एम नारायण ने किया।
5.70 करोड़ के प्रतिबंधित ड्रग्स जब्त
जब्त किए गए सामान में विद्यारण्यपुरा पुलिस ने 2 किलो एमडीएमए बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ रुपए है। जेबी नगर पुलिस ने 1.767 किलो हाइड्रो गांजा, 5.90 लाख रुपए नकद, दो आईफोन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 1.37 करोड़ रुपए आंकी गई है। बयान में कहा गया है कि देवनहल्ली पुलिस ने लगभग 16.70 लाख रुपए कीमत का 16.920 किलो गांजा जब्त किया, जबकि हेब्बागोडी पुलिस ने लगभग 16 लाख रुपए कीमत का 16 किलो गांजा बरामद किया।
घरेलू सहायिका पर 50 लाख की चोरी का आरोप
वहीं एक अन्य घटनाक्रम में बेंगलुरु पुलिस ने अपने मालिक के घर चोरी करने के आरोप में घरेलू सहायक को गिरफ्तार किया है और 262 ग्राम सोने के गहने, 2.366 किलो चांदी के बिस्कुट और चांदी की वस्तुएं, 65,000 रुपए नकद और पांच रेशमी साड़ियां बरामद की हैं।
इसकी कुल कीमत 50 लाख रुपए आंकी गई है। जयनगर के 5वें ब्लॉक की रहने वाली शिकायतकर्ता ने 9 अप्रैल को पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उन्हें अपनी घरेलू सहायिका पर शक था, जो लगभग 18 वर्ष से उनके घर में काम कर रही थी। शिकायत के आधार पर जयनगर पुलिस स्टेशन में घर में चोरी का मामला दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें- ISRO मुख्यालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी, बेंगलुरु में मचा हड़कंप; पुलिस हाई अलर्ट पर
सोना, चांदी और नकदी पुलिस ने बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने पूछताछ के लिए घरेलू सहायिका को 22 जून को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान, उसने शिकायतकर्ता के घर से सोने के गहने, चांदी की चीजें, चांदी के बिस्कुट और नकदी चोरी करने की बात कबूल कर ली। आरोपी को अदालत में पेश किया गया और चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस हिरासत में लगातार पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने चोरी किए गए सोने के गहने, चांदी के बिस्कुट, चांदी की चीजें और नकदी पूर्णा प्रज्ञा लेआउट स्थित अपने घर में छिपाकर रखे थे। जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया।
