नागपुर में अनोखा चोर! ठेकेदार के घर में सेंध, फिर फोन कर बोला- 40 लाख दो वरना पत्नी-बच्चों को मार डालूंगा

Nagpur Crime News: बेलतरोड़ी में सरकारी ठेकेदार के फ्लैट से 4.50 लाख रुपये की चोरी के बाद आरोपी ने फोन कर 40 लाख की फिरौती मांगी और परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
A unique thief in Nagpur! After breaking into a contractor's house, he called to demand ₹40 lakh, threatening to kill the contractor's wife and children otherwise.
चोरी, फिरौती, बेलतरोड़ी, ठेकेदार, धमकी, प्रतीकात्मक तस्वीर (सौजन्य AI)
Updated on

Nagpur Crime Theft Case: नागपुर जिले के बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेंधमार ने एक शासकीय ठेकेदार के फ्लैट में सेंध लगाई। नकद और जेवरात पर हाथ साफ कर फरार हो गया, आश्चर्य की बात यह कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद ठेकेदार को फोन किया।

घर में चोरी करने की जानकारी दी और 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने लगा। रकम नहीं देने पर पत्नी और दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

दिनदहाड़े फ्लैट में सेंध, 4.50 लाख के नकदी-जेवर चोरी

फिलहाल कोई सुराग नहीं मिला। समीर यासनवार (42) सरकारी ठेकेदार हैं। बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में एक अपार्टमेंट में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे वह अपने फ्लैट का सेंट्रल लॉक लगाकर किसी काम से सीताबर्डी चले गए।

उस समय पत्नी और दोनों बच्चे घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर गैलरी की कांच की खिड़की तोड़कर फ्लैट में घुस गया। उसने अलमारी से 50,000 रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर सहित करीब 4.50 लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। करीब 9:45 बजे समीर की पत्नी की नींद खुली तो अलमारी खुली थी। नकदी और जेवर गायब थे। उन्होंने पति को फोन कर चोरी की जानकारी दी।

सेंधमार ने पीड़ित को वॉट्सएप नंबर पर किया संपर्क

समीर तुरंत घर पहुंचे और शिकायत दर्ज कराने बेलतरोड़ी थाने जाने के लिए निकल रहे थे कि इसी बीच सेंधमार ने उनके वॉट्सएप नंबर पर संपर्क किया और दावा किया कि कुछ देर पहले उसी ने घर में सेंध लगाई थी। उसने कहा कि तुम्हारे पास काफी पैसा है।

इसलिए उसे 40 लाख रुपये की फिरौती देनी होगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो उनकी पत्नी और बच्चों को जान से हाथ धोना पड़ेगा। ठेकेदार ने तत्काल बेलतरोड़ी थाने जाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने चोरी और फिरौती वसूली सहित विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस फोन नंबर के आधार पर आरोपी का पता लगा रही थी। पुलिस को सदेह है कि ठेकेदार के घर की पूरी जानकारी रखने वाले ने ही वारदात को अंजाम दिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com