Nagpur News: पुलिस की गिरफ्त में अपराधी बोमा, फिरौती वसूली और छेड़खानी के मामले में था फरार

Ashish Kubde Boma: नागपुर पुलिस ने फरौती वसूली और महिला कलाकार से छेड़खानी के मामले में फरार चल रहे कुख्यात अपराधी आशीष कुबड़े उर्फ बोमा को गंजीपेठ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
molestation case
Ashish Kubde Boma:नागपुर पुलिस ने फरौती वसूली (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Crime News: चर्चित अपराधी और सटोरिये आशीष कुबड़े उर्फ बोमा को शनिवार शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बोमा एक व्यापारी से 20 लाख रुपये की फिरौती वसूली और बार में महिला कलाकार से छेड़खानी के मामले में फरार था। मामला दर्ज होते ही वह शहर छोड़कर फरार हो गया था।

सदर और एमआईडीसी पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं, लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा देता रहा। शनिवार शाम डीसीपी जोन-3 राहुल मदने की टीम को सूचना मिली कि बोमा गंजीपेठ परिसर में अपने एक रिश्तेदार से मिलने आया है।

पुलिस टीम ने पूरे परिसर में जाल बिछाया

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पूरे परिसर में जाल बिछाया। जैसे ही बोमा रिश्तेदार के घर से बाहर निकला, पुलिस दस्ते ने उसे धर दबोचा। इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए उसे सदर पुलिस के हवाले कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि बीते माह सदर पुलिस ने सिविल लाइन्स निवासी व्यापारी इंद्रकुमार घीसुलाल अग्रवाल (52) की शिकायत पर बोमा के खिलाफ फिरौती वसूली सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। अग्रवाल कपड़े और रियल एस्टेट का व्यवसाय करते हैं।

1.20 करोड़ रुपये उधार मांगे थे

पुलिस के अनुसार, एक मित्र के माध्यम से बोमा और अग्रवाल की पहचान हुई थी। जनवरी 2025 में बोमा ने अग्रवाल से 1.20 करोड़ रुपये उधार मांगे थे। रकम देने से इनकार करने पर बोमा ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया और गोली मारने की धमकी देते हुए 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर अग्रवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

इसी दौरान बोमा ने एमआईडीसी थाना क्षेत्र स्थित एक एस-बार में महिला कलाकार के साथ छेड़खानी की थी। उसने पिस्तौल दिखाकर गायिका को धमकाया। आर्केस्ट्रा मैनेजर की शिकायत पर एमआईडीसी पुलिस ने उसके खिलाफ दूसरा मामला दर्ज किया था।

पुलिस ने बोमा को पकड़ने के लिए ज्वेलरी दुकानों सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की थी, लेकिन वह फरार रहा। शनिवार को आखिरकार वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बोमा के खिलाफ जल्द ही कड़ी प्रतिबंधक कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com