बिहार पुलिसकर्मी (फोटो-सोशल मीडिया))
समस्तीपुर: बिहार पुलिस की बिगड़ी व्यवस्था की एक बार फिर पोल खुल गई है। समस्तीपुर जिले में कोर्ट परिसर से पेशी के लिए लाए गए 5 बंदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। इस घटना में एक बंदी को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, बंदियों को विभिन्न मामलों में पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। पेशी के बाद जब उन्हें हाजत में बंद किया जा रहा था, तभी चार बंदियों ने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भागने की कोशिश की। इस दौरान एक बंदी को पकड़ लिया गया, जबकि चार अन्य फरार हो गए।
फरार बंदियों में से तीन लूट के मामलों में आरोपी हैं और उनके खिलाफ वैशाली और मुजफ्फरपुर जिलों में मामले दर्ज हैं। समस्तीपुर के डीएसपी सिटी संजय पांडे ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस ने चारों फरार बंदियों की तलाश शुरू कर दी है। अगर इस घटना में किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने फरार बंदियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने कोर्ट परिसर और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि पेशी के दौरान बंदियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की जिम्मेदारी है। इस तरह की घटनाएं पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती हैं।
घटना से स्पष्ट तौर बिहार पुलिस की लापरवाही को दर्शाती है। हालांकि देखना होगा कि जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है। एक साथ पांच कैदियों का भाग जाना खाकी को सवालों के घेरे में लाती है।