सरगुजा में दहशत फैलाने वाला हाथी कबरा हुआ शांत, 15 दिन का ऑपरेशन खत्म, अब रेडियो कॉलर से निगरानी

Surguja Kabra Elephant : सरगुजा संभाग में पिछले कई महीनों से इंसानों के लिए खतरा बना लोनर हाथी कबरा अब शांत हो गया है। करीब 15 दिनों तक जंगल में चले विशेष अभियान के बाद वन विभाग की टीम वापस लौट आई है।
Surguja Kabra Elephant
छत्तीसगढ़ सरगुजा कबरा हाथीसोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • 15 दिनों के विशेष ऑपरेशन के बाद शांत हुआ कबरा हाथी।

  • हाथियों के दल में शामिल होकर सामान्य व्यवहार कर रहा कबरा।

  • 100 से अधिक वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी अभियान में जुटे।

  • तीन प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की मदद से चलाया गया ऑपरेशन।

  • रेडियो कॉलर से कबरा की गतिविधियों पर अब भी निगरानी।

Chhattisgarh Surguja Kabra Elephant : सरगुजा संभाग में पिछले कई महीनों से इंसानों के लिए खतरा बना लोनर हाथी कबरा अब शांत हो गया है। करीब 15 दिनों तक जंगल में चले विशेष अभियान के बाद वन विभाग की टीम वापस लौट आई है। कबरा का व्यवहार अब काफी सामान्य हो गया है और वह हाथियों के दल में शामिल होकर उनके साथ रह रहा है। इस राहत भरी खबर से वन विभाग के साथ ही ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है।

कबरा को नियंत्रित करने चलाया विशेष ऑपरेशन

कबरा को नियंत्रित करने और उसे हाथियों के दल में वापस शामिल कराने के लिए वन विभाग ने विशेष ऑपरेशन चलाया था। अभियान में 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात जंगल में जुटे रहे। कबरा की लोकेशन ट्रेस करने से लेकर उसे ट्रेंकुलाइज कर रेडियो कॉलर पहनाने तक वन विभाग की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस अभियान में तीन प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की भी मदद ली गई थी।

कभी अपने झुंड से अलग हुआ कबरा बलरामपुर और सूरजपुर जिले के कई इलाकों में दहशत का कारण बन गया था। पिछले छह महीनों में उसके हमलों से करीब 18 लोगों की जान जाने के बाद वन विभाग के लिए उसे नियंत्रित करना बड़ी चुनौती बन गया था। आक्रामक व्यवहार और लगातार लोकेशन बदलने के कारण उसकी निगरानी करना भी आसान नहीं था।

कड़ी मशक्कत के बाद कबरा को किया ट्रेंकुलाइज

विशेष अभियान के दौरान घने जंगल, पहाड़ी रास्ते और कबरा की बदलती लोकेशन ने टीम की मुश्किलें बढ़ाईं। कई बार रणनीति बदलनी पड़ी। अभियान के छठवें दिन रामगढ़ की पहाड़ी पर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद कबरा को ट्रेंकुलाइज किया गया। इसके बाद उसकी गर्दन में रेडियो कॉलर लगाया गया, जिससे उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके।

Surguja Kabra Elephant
झालरौंदा में 400 एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, जंगल मद की जमीन निजी नामों पर दर्ज कराने का दावा

रेडियो कॉलर लगाने के बाद वन विभाग का मुख्य उद्देश्य कबरा के व्यवहार में बदलाव लाना और उसे हाथियों के दल के साथ सहज बनाना था। इसके लिए टीम लगातार जंगल में उसके आसपास मौजूद रही और तीन कुमकी हाथियों की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।

कबरा में सकारात्मक बदलाव दिखा

करीब 15 दिनों तक चले अभियान के बाद अब कबरा के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। वह हाथियों के दल में शामिल हो चुका है और झुंड के साथ सामान्य व्यवहार कर रहा है। उसके आक्रामक व्यवहार में भी कमी आई है। इसी के बाद वन विभाग ने विशेष ऑपरेशन समाप्त कर दिया है और अभियान में शामिल तीनों कुमकी हाथियों को वापस भेज दिया गया है।

हालांकि वन विभाग ने कबरा की निगरानी बंद नहीं की है। रेडियो कॉलर के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की जाएगी। साथ ही उसके व्यवहार, हाथियों के दल के साथ गतिविधियों और ग्रामीण इलाकों की ओर मूवमेंट पर भी नजर रखी जाएगी।

वन विभाग का प्रयास है कि कबरा दोबारा आक्रामक न हो और जंगल में हाथियों के दल के साथ सामान्य जीवन बिताता रहे। 15 दिनों की लगातार मेहनत के बाद कबरा का शांत होना वन विभाग के लिए बड़ी कामयाबी और सरगुजा संभाग के ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है।

Surguja Kabra Elephant
बस्तर के भुवनेश्वर ने हिमालय में गाड़ा NSS का झंडा, 14 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचकर रचा इतिहास