दुर्ग में मंत्री यादव के चार आरोपियों को उम्रकैद, ढाई साल बाद आया अदालत का बड़ा फैसला

Chhattisgarh Crime News : जिले के बहुचर्चित मंत्री यादव हत्याकांड में ढाई साल बाद अदालत ने फैसला सुना दिया। मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
Chhattisgarh Crime News
छत्तीसगढ़ दुर्ग क्राइम न्यूजसोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • दुर्ग के चर्चित मंत्री यादव हत्याकांड में अदालत का बड़ा फैसला।

  • हत्या और षड्यंत्र के चारों आरोपियों को उम्रकैद।

  • गंजपारा नाका चौक पर धारदार हथियार से किया था हमला।

  • अक्षत दुबे और शुभम शर्मा को आर्म्स एक्ट में भी सजा।

  • सीसीटीवी, मोबाइल लोकेशन और फॉरेंसिक साक्ष्य बने सबूत।

Chhattisgarh Durg Crime News : जिले के बहुचर्चित श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव हत्याकांड में करीब ढाई साल बाद अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, दुर्ग ने मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को हत्या और आपराधिक षड्यंत्र का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। वहीं इनमें से दो आरोपियों को आर्म्स एक्ट के तहत भी दो और तीन साल के सश्रम कारावास से दंडित किया गया है।

यह सनसनीखेज वारदात 21 मई 2024 की रात करीब 8:15 बजे गंजपारा नाका चौक के पास हुई थी। अभियोजन के मुताबिक आरोपियों ने श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव का रास्ता रोककर उन पर धारदार हथियार और कड़े से जानलेवा हमला किया था। हमले में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद दुर्ग पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू की थी।

सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन बने सबूत

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। विवेचना में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन की लोकेशन से जुड़े तकनीकी साक्ष्य, जब्त हथियार, चिकित्सकीय रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों को शामिल किया गया। पुलिस ने इन साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया।

इन्हीं साक्ष्यों और अभियोजन की पैरवी के आधार पर प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, दुर्ग ने 18 नवंबर 2026 को चारों आरोपियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।

इन चार आरोपियों को हुई उम्रकैद

न्यायालय ने हत्याकांड में शामिल आरोपी अक्षत दुबे उर्फ मान्या 23 वर्ष निवासी कादम्बरी नगर, शुभम शर्मा 25 वर्ष निवासी आदित्य नगर, वंश राजपूत 19 वर्ष निवासी गयाना नगर व अमिताभ उर्फ चंदू 19 वर्ष निवासी हरी नगर दुर्ग है।

Chhattisgarh Crime News
सड़क के लिए बाबा के दरवाजे पहुंचीं बीजेपी महापौर, टीएस सिंहदेव ने 6 करोड़ मुआवजे पर अड़ाया पेंच

हत्या और षड्यंत्र में उम्रकैद, दो को आर्म्स एक्ट में अतिरिक्त सजा

अदालत ने चारों आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 सहपठित धारा 34 और धारा 120बी के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके अलावा धारा 341 सहपठित धारा 34 के तहत एक महीने का साधारण कारावास और अर्थदंड भी लगाया गया है।

वहीं, आरोपी अक्षत दुबे उर्फ मान्या और शुभम शर्मा को आयुध अधिनियम की धारा 25(1-ख) एवं 27 के तहत दो वर्ष और तीन वर्ष के सश्रम कारावास की अतिरिक्त सजा सुनाई गई है।

निरीक्षक महेश ध्रुव की टीम ने की थी जांच

इस मामले की विवेचना निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव और थाना दुर्ग की टीम ने की थी। पुलिस ने तकनीकी, वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में प्रस्तुत किए। शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक पंकज बेलचंदन ने मामले की पैरवी की।

करीब ढाई साल तक चले इस मामले में अदालत के फैसले के साथ ही मंत्री यादव हत्याकांड के चारों आरोपियों को उनके अपराध की सजा मिल गई है।

Chhattisgarh Crime News
बस्तर से बड़े शहरों तक सीधी उड़ान की तैयारी! 979 एकड़ जमीन की तलाश शुरू, ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का प्लान